सूरजपुर जिले के भुनेश्वरपुर स्थित प्री-मैट्रिक छात्रावास में भोजन और मेस व्यवस्था को लेकर छात्राओं ने सड़क पर धरना-प्रदर्शन किया। छात्राओं ने आरोप लगाया कि छात्रावास में उन्हें नियमित और पर्याप्त भोजन नहीं मिल रहा है। इसके अलावा मेस व्यवस्था और जरूरी सामान की आपूर्ति में भी अव्यवस्था है, जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन कर रही छात्राओं ने बताया कि कई बार भोजन और आवश्यक सामान उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें अपनी जरूरतों के लिए खुद पैसे खर्च करने पड़ते हैं और बाहर जाकर खाना पड़ता है। छात्राओं ने छात्रावास की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने के साथ ही अधीक्षिका को हटाने की मांग की।
अपनी शिकायतों को लेकर छात्राएं सड़क पर बैठ गईं और धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। वहीं, ट्राइबल विभाग के सहायक संचालक भी मौके पर पहुंचे और छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
अधिकारियों ने छात्राओं को भोजन, मेस व्यवस्था और छात्रावास की अन्य सुविधाओं में सुधार का आश्वासन दिया। अधिकारियों की समझाइश और आश्वासन के बाद छात्राओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
छात्राओं का कहना है कि छात्रावास में रहने वाली छात्राओं को नियमित और पर्याप्त भोजन के साथ जरूरी सुविधाएं मिलनी चाहिए। अब प्रशासन के सामने छात्राओं की शिकायतों का स्थायी समाधान करने और छात्रावास की व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करने की चुनौती है।