Home » Blog » तीज के उल्लास में सजा रायपुर प्रेस क्लब, लक्ष्मी राजवाड़े ने रैंप वॉक से बढ़ाया महिला पत्रकारों का उत्साह

तीज के उल्लास में सजा रायपुर प्रेस क्लब, लक्ष्मी राजवाड़े ने रैंप वॉक से बढ़ाया महिला पत्रकारों का उत्साह

by desk

महिला पत्रकारों के तीज महोत्सव में भावना बोहरा और लक्ष्मी वर्मा भी हुईं शामिल, पारंपरिक वेशभूषा, रैंप वॉक और खेल प्रतियोगिताओं ने जमाया रंग।

रायपुर, 7 सितंबर 2026। रायपुर प्रेस क्लब में रविवार को महिला पत्रकारों के लिए आयोजित तीज महोत्सव उत्साह और उमंग से भरपूर रहा। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने शामिल होकर महिला पत्रकारों के साथ तीज की खुशियां साझा कीं। उन्होंने विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया और पारंपरिक छत्तीसगढ़ी अंदाज में रैंप वॉक कर आयोजन में खास रंग भर दिया।

पारंपरिक अंदाज में रैंप पर उतरीं लक्ष्मी राजवाड़े

तीज महोत्सव का मुख्य आकर्षण रैंप वॉक रहा। श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सिर पर पल्लू लेकर पारंपरिक छत्तीसगढ़ी अंदाज में रैंप वॉक किया। उनके सहज और सादगीपूर्ण अंदाज को महिला पत्रकारों ने खूब सराहा। रैंप वॉक के दौरान प्रेस क्लब परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

भावना बोहरा और लक्ष्मी वर्मा ने भी बढ़ाई रौनक

कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य श्रीमती लक्ष्मी वर्मा और विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने भी विशेष रूप से हिस्सा लिया। भावना बोहरा ने महिला पत्रकारों के साथ रैंप वॉक किया, जबकि लक्ष्मी वर्मा ने भी रैंप पर अपनी प्रस्तुति देकर तीज की खुशियों में सहभागिता की।

जनप्रतिनिधियों की इस आत्मीय भागीदारी ने महिला पत्रकारों का उत्साह और बढ़ा दिया।

रंग-बिरंगे परिधानों में दिखा आत्मविश्वास

महोत्सव में महिला पत्रकार पारंपरिक परिधानों में नजर आईं। रैंप वॉक के दौरान सादगी, आत्मविश्वास और छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक देखने को मिली। महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया और तीज के पारंपरिक माहौल का आनंद उठाया।

खेल और मनोरंजन ने बांधा समां

तीज महोत्सव में महिला पत्रकारों के लिए कई मनोरंजक खेल और प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। खेलों के दौरान हंसी-मजाक और उत्साह का माहौल बना रहा, जिससे आयोजन की रौनक और बढ़ गई।

लक्ष्मी राजवाड़े ने महिला पत्रकारों को दी शुभकामनाएं

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि तीज छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और महिलाओं के उत्सव का महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने महिला पत्रकारों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे पत्रकारिता के माध्यम से समाज के महत्वपूर्ण मुद्दों को मजबूती से सामने रख रही हैं।

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन महिलाओं को अपने व्यस्त कार्यदायित्वों के बीच आपसी संवाद, आत्मीयता और उत्सव का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी महिला पत्रकारों को तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं।

महिला पत्रकारों को मिला रिटर्न गिफ्ट

कार्यक्रम के अंत में सभी महिला पत्रकारों को रिटर्न गिफ्ट प्रदान किए गए। उपहार मिलने पर महिला पत्रकारों में खुशी देखने को मिली। तीज की पारंपरिक सजावट, रैंप वॉक, खेल प्रतियोगिताओं और आपसी मेलजोल ने पूरे प्रेस क्लब परिसर को उत्सव के रंग में रंग दिया।

कार्यक्रम में रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष श्री मोहन तिवारी, महासचिव श्री गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष श्री दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष श्री दिनेश यदु, संयुक्त सचिव श्रीमती निवेदिता साहू एवं श्री भूपेश जांगड़े सहित बड़ी संख्या में महिला पत्रकार और प्रेस क्लब सदस्य मौजूद रहे।

You may also like