रायपुर। यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की सतर्कता से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पचपेड़ी नाका यातायात थाना पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल को रोका। जांच के दौरान पता चला कि यह बाइक तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी।

संतोषी नगर में चल रही थी सघन वाहन जांच
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा अपराधों की रोकथाम और सुगम यातायात व्यवस्था के लिए चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत रविवार, 7 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे, यातायात थाना पचपेड़ी नाका की टीम संतोषी नगर क्षेत्र में वाहनों की जांच कर रही थी।
इस दौरान यातायात थाना पचपेड़ी नाका प्रभारी गोविंद यादव अपनी टीम के साथ संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे थे।
RC लाने का बहाना बनाकर चला गया चालक
चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बिना नंबर प्लेट वाली संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर चालक से वाहन के दस्तावेज और पंजीयन प्रमाण पत्र (RC) मांगा। चालक ने दस्तावेज लाने की बात कही और वहां से चला गया।
चालक के संदिग्ध व्यवहार को देखते हुए यातायात पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और मोटरसाइकिल के चेचिस नंबर के माध्यम से वाहन की जानकारी निकालना शुरू किया।
तिल्दा-नेवरा से चोरी हुई थी बाइक
पुलिस जांच में पता चला कि उक्त मोटरसाइकिल हीरो HF डीलक्स, पंजीयन क्रमांक CG 22 M 1937, तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी।
वाहन के मूल मालिक से संपर्क करने पर जानकारी मिली कि मोटरसाइकिल 14 अगस्त 2026 को चोरी हो गई थी। इस मामले में थाना तिल्दा-नेवरा में अपराध क्रमांक 375/2026 दर्ज किया गया है।
मोटरसाइकिल जब्त, आरोपी चालक की तलाश जारी
यातायात पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर सुरक्षा के लिए थाना पचपेड़ी नाका में रखा है। आगे की कानूनी कार्रवाई और विवेचना के लिए तिल्दा-नेवरा थाना पुलिस को सूचना दे दी गई है।
फिलहाल, बाइक छोड़कर फरार हुए संदिग्ध चालक की पहचान और पतासाजी की जा रही है।
यातायात पुलिस ने लोगों से की अपील
यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन पर हमेशा मानक और स्पष्ट HSRP नंबर प्लेट लगाएं। बिना नंबर प्लेट या अस्पष्ट नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस ने वाहन चालकों से RC, ड्राइविंग लाइसेंस और इंश्योरेंस जैसे जरूरी दस्तावेज अपने साथ रखने या mParivahan और DigiLocker में सुरक्षित रखने की अपील की है।
इसके साथ ही सेकंड हैंड वाहन खरीदने वाले लोगों को वाहन के चेचिस नंबर और इंजन नंबर का दस्तावेजों से मिलान करने की सलाह दी गई है, ताकि चोरी के वाहन खरीदने से बचा जा सके।
Read more:आंगनबाड़ी सहायिका पद पर भर्ती, 17 सितंबर तक दावा-आपत्ति का मौका