Home » Blog » वरिष्ठजनों का अनुभव हमारी शक्ति, गरिमा हमारी जिम्मेदारी: लक्ष्मी राजवाड़े

वरिष्ठजनों का अनुभव हमारी शक्ति, गरिमा हमारी जिम्मेदारी: लक्ष्मी राजवाड़े

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में सियान सेवा महाकुंभ का आयोजन किया गया

by desk

रायपुर। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में सियान सेवा महाकुंभ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज कल्याण तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने वरिष्ठजनों को शुभकामनाएं दीं और उनसे संवाद किया। महाकुंभ में 4 हजार से अधिक वरिष्ठजन लाभान्वित हुए।

1810 वरिष्ठजनों को निशुल्क बस पास

कार्यक्रम में नई सियान आशीष सेवा योजना के तहत 80 वर्ष से अधिक आयु के 1810 वरिष्ठ नागरिकों को पूरे भारत में निशुल्क यात्रा के लिए बस पास वितरित किए गए। इसके अलावा जरूरतमंद वरिष्ठजनों को 2 हजार छड़ियां, एक हजार श्रवण यंत्र और 20 ट्राइसाइकिल भी प्रदान की गईं। इन सुविधाओं से वरिष्ठजनों को आवागमन और दैनिक गतिविधियों में सहायता मिलेगी।

वरिष्ठजन समाज की महत्वपूर्ण शक्ति

लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि वरिष्ठजन देश की सांस्कृतिक विरासत और जीवन अनुभव के संवाहक हैं। उन्होंने अपने परिश्रम से परिवार और समाज को मजबूत आधार दिया है। वरिष्ठजनों के अनुभव को समाज के विकास में भी स्थान दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठजन केवल कल की विरासत नहीं, बल्कि आज के विकास के सहभागी हैं। विकसित भारत और नवा अंजोर-अंजोर 2047 की सोच में वरिष्ठजनों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है।

15.90 लाख वरिष्ठजन योजनाओं से लाभान्वित

मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार का वृद्धजन कल्याण का प्रयास केवल पेंशन तक सीमित नहीं है। स्वास्थ्य सुरक्षा, देखभाल, आवागमन, सामाजिक सहभागिता और गरिमापूर्ण जीवन को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के लिए 400 करोड़ रुपये और मुख्यमंत्री पेंशन योजना के लिए 450 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया गया है। विभाग की विभिन्न योजनाओं से वर्तमान में प्रदेश के 15,90,080 वरिष्ठजन लाभान्वित हो रहे हैं।

2.55 लाख वरिष्ठजनों ने की तीर्थ यात्रा

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत अब तक 2,55,845 वरिष्ठजनों को आध्यात्मिक यात्रा का लाभ मिल चुका है। मंत्री ने कहा कि कई वरिष्ठजनों के लिए तीर्थयात्रा जीवनभर की इच्छा होती है और यह योजना उन्हें अपनी इच्छा पूरी करने का अवसर देती है।

सियान हेल्पलाइन से मिलेगी सहायता

कार्यक्रम में सियान हेल्पलाइन 155326 की जानकारी भी दी गई। इसके साथ ही वृद्धाश्रमों, अटल वयो अभ्युदय योजना, प्रशामक देखरेख गृह और सियान गुड़ी जैसी व्यवस्थाओं का उल्लेख किया गया। विभाग का उद्देश्य वरिष्ठजनों को सुरक्षित, आत्मीय और सम्मानपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है।

मंत्री ने कहा कि योजनाओं की सफलता केवल आंकड़ों से नहीं, बल्कि वरिष्ठजनों के जीवन में आई सुविधा और उनके चेहरे की मुस्कान से आंकी जानी चाहिए। उन्होंने सभी से सुरक्षा, सहभागिता और गरिमा के तीन संकल्प लेने का आह्वान किया।

रायपुर में दो नई परियोजनाओं की शुरुआत

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर रायपुर जिला प्रशासन ने प्रोजेक्ट सियान आशीष सेवा और प्रोजेक्ट सियान श्रम सम्मान की शुरुआत की।

प्रोजेक्ट सियान आशीष सेवा के तहत जिले के 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों को देशभर में यात्रा के लिए निशुल्क बस पास उपलब्ध कराने की पहल की गई है।

वहीं प्रोजेक्ट सियान श्रम सम्मान के तहत लंबे समय से श्रम विभाग में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को संबंधित योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। इसके अंतर्गत 60 वरिष्ठ श्रमिकों को लाभ प्रदान किया गया।

60 वर्ष की आयु के बाद पात्र निर्माण श्रमिकों को मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक पेंशन सहायता योजना के तहत 1500 रुपये मासिक पेंशन और तीन वर्ष से पंजीकृत 59 से 60 वर्ष आयु के श्रमिकों को मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना के तहत 20 हजार रुपये की एकमुश्त सहायता का प्रावधान है।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास तथा विधायक पुरंदर मिश्रा और मोतीलाल साहू मौजूद रहे।

इसके अलावा समाज कल्याण विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, संचालक गजेंद्र सिंह ठाकुर सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में वरिष्ठजन कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Read more –

You may also like