Home » Blog » रायपुर में पुलिस स्मृति दिवस: CM विष्णुदेव साय बोले- जवानों के बलिदान से बस्तर में लौटी शांति, विकास की नई राह खुली…

रायपुर में पुलिस स्मृति दिवस: CM विष्णुदेव साय बोले- जवानों के बलिदान से बस्तर में लौटी शांति, विकास की नई राह खुली…

मुख्यमंत्री ने शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि, परिजनों का किया सम्मान; DGP बोले- एक साल में नक्सल विरोधी अभियानों में 84 नक्सली मारे गए, छत्तीसगढ़ पुलिस के 6 जवान शहीद हुए

by desk

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई और सुरक्षा बलों के बलिदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान से प्रदेश में शांति और सुरक्षा का नया वातावरण बना है। उन्होंने कहा कि कभी नक्सल हिंसा और भय से प्रभावित रहे बस्तर के दूरस्थ इलाकों में अब विकास की रोशनी पहुंच रही है। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने रायपुर के माना स्थित चौथी वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर में आयोजित परेड में शामिल होकर अमर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों को सम्मानित किया।

शहीद जवानों के परिजनों को किया सम्मानित

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर कर्तव्य पथ पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिस अधिकारियों और जवानों को नमन किया। इस दौरान उन्होंने शहीद जवानों के परिजनों को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस देश की एकता, अखंडता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों की वीरता को याद करने का अवसर है। जवान कठिन परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए कानून-व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं।

उन्होंने कहा कि शहीद जवानों के साथ उनके परिवारों का त्याग और साहस भी अतुलनीय है। राज्य सरकार शहीद परिवारों के सम्मान और कल्याण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

नक्सलवाद के खिलाफ जवानों ने रचा शौर्य का इतिहास

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के विरुद्ध मिली निर्णायक सफलता पुलिस, जिला रिजर्व गार्ड (DRG), बस्तर फाइटर्स और केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। जवानों ने घने जंगलों, दुर्गम पहाड़ियों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपने कर्तव्य का निर्वहन किया।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से बस्तर में शांति और विश्वास का वातावरण मजबूत हुआ है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, अब प्रदेश के सामने शांति को स्थायी बनाने और विकास की गति को और तेज करने की जिम्मेदारी है।

एक साल में 84 नक्सली मारे गए, 6 पुलिस जवान शहीद

पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने पुलिस स्मृति दिवस पर बताया कि 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच छत्तीसगढ़ पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की नक्सल विरोधी कार्रवाइयों में 84 नक्सली मारे गए। इसी अवधि में छत्तीसगढ़ पुलिस के छह जवानों ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान दिया।

DGP ने कहा कि छत्तीसगढ़ लंबे समय तक माओवादी हिंसा की गंभीर चुनौती से जूझता रहा है। सुरक्षा बलों के सामूहिक प्रयास, साहस और बलिदान से सशस्त्र नक्सलवाद के उन्मूलन की दिशा में निर्णायक सफलता मिली है।

उन्होंने शहीद परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस परिवार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है।

बस्तर में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बस्तर के जिन इलाकों में पहले भय और हिंसा का माहौल था, वहां अब सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।

उन्होंने बताया कि नियद नेल्लानार योजना, पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से दूरस्थ और वंचित जनजातीय क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा और विकास के समन्वित प्रयासों से बस्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। सरकार का लक्ष्य पूरे छत्तीसगढ़ को समृद्धि और खुशहाली की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।

पुलिस के आधुनिकीकरण और जवानों के कल्याण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस और सुरक्षा बलों को आधुनिक तकनीक, बेहतर संसाधन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। जवानों और उनके परिवारों का कल्याण भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस और सुरक्षा बल अपनी कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता और साहस से प्रदेश की शांति, सुरक्षा और प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।

राजीव स्मृति वन की शहीद वाटिका में भी दी श्रद्धांजलि

पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजीव स्मृति वन स्थित शहीद वाटिका भी पहुंचे। यहां उन्होंने अमर जवान स्तंभ पर पुष्प अर्पित किए और शहीद जवानों के नामों की पट्टिका पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके बलिदान को याद किया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, विधायक मोतीलाल साहू, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद सिन्हा, पुलिस एवं सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी और शहीद जवानों के परिजन उपस्थित रहे।

Read more:-रायपुर में पहली बार महिला टी-20 इंटरनेशनल सीरीज, CM विष्णुदेव साय बोले- बेटियों को मिलेगा आगे बढ़ने का हौसला…

You may also like