गरियाबंद। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में गरियाबंद जिले में 2 नवंबर 2026 को जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस एक दिवसीय कार्यक्रम को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर रणबीर शर्मा ने बुधवार को पुलिस ग्राउंड का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंच से लेकर पार्किंग तक, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आयोजन स्थल पर मंच निर्माण, विद्युत व्यवस्था, साउंड सिस्टम, लाइटिंग, बैरिकेडिंग और दर्शक दीर्घा की तैयारियों की समीक्षा की। इसके साथ ही वीआईपी एवं मीडिया के बैठने, कलाकारों के ठहरने और वाहनों की पार्किंग सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि राज्योत्सव जैसे महत्वपूर्ण आयोजन को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर सजेगी विभागीय प्रदर्शनी
राज्य शासन के निर्देशानुसार 2 नवंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में एक दिवसीय राज्योत्सव आयोजित किया जाएगा। गरियाबंद में भी इस अवसर पर विभिन्न शासकीय विभागों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी की मुख्य थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है।
इस प्रदर्शनी के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों, महत्वपूर्ण परियोजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी। इसका उद्देश्य लोगों को सरकारी योजनाओं से परिचित कराना और जिले में हो रहे विकास कार्यों को प्रदर्शित करना है।
स्थानीय कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
राज्योत्सव के दौरान स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। कलेक्टर ने कार्यक्रमों को शालीन, गरिमामय और आयोजन की प्रतिष्ठा के अनुरूप रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में किसी भी प्रकार का अभद्र प्रदर्शन नहीं होना चाहिए।
तीन दिनों तक रोशनी से जगमगाएंगे सरकारी भवन
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर 2026 तक गरियाबंद जिला मुख्यालय के शासकीय भवनों सहित अन्य निर्धारित स्थलों पर रोशनी की जाएगी। संबंधित विभागों को इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही निजी संस्थानों को भी अपने भवनों में रोशनी करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर ऋषा ठाकुर एवं पंकज डाहिरे, एसडीएम हितेश्वरी बाघे, एसडीओपी निशा सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Read more:-यूपी की वोटर लिस्ट में बड़ा खुलासा? एक ही पहचान नंबर पर बदले नाम, जानें क्या है पूरा मामला