Home » Blog » छत्तीसगढ़ में हॉकी का नया अध्याय शुरू, पहली हॉकी लीग में 6 टीमें दिखाएंगी दम

छत्तीसगढ़ में हॉकी का नया अध्याय शुरू, पहली हॉकी लीग में 6 टीमें दिखाएंगी दम

रायपुर में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का भव्य आगाज, 1 नवंबर तक चलेंगे मुकाबले; युवा खिलाड़ियों को ओलंपियनों से सीखने का मिलेगा मौका

by desk

रायपुर। छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान दिलाने और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से देश की पहली छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का भव्य शुभारंभ रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में किया गया। इस लीग में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के दिग्गज खिलाड़ियों के साथ प्रदेश के युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित होगी। आयोजन के जरिए छत्तीसगढ़ में हॉकी को पेशेवर स्तर पर बढ़ावा देने और नई खेल प्रतिभाओं को तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।

खेलों को हर घर तक पहुंचाना सरकार का लक्ष्य : रक्षा खड़से

उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खड़से ने की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप देशभर में खेलों को बढ़ावा देने के लिए बड़े पैमाने पर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। खेलों के विकास के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया जा रहा है और क्रिकेट के साथ अन्य खेलों को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

खड़से ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और क्षमता देश के भविष्य को मजबूत बनाती है। निजी संस्थानों की खेलों में बढ़ती भागीदारी भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख खेल केंद्रों में अपनी पहचान स्थापित करेगा।

‘चलो रे संगी, हॉकी खेलबो’ से गूंजेगा प्रदेश

छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की गूंज पूरे प्रदेश में ‘चलो रे संगी, हॉकी खेलबो’ के रूप में सुनाई देगी। उन्होंने इस आयोजन को राज्य में हॉकी के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।

अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती ने विन्सेंट लकड़ा, मृणाल चौबे, रेणुका यादव और सबा अंजुम जैसे प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी देश को दिए हैं। इस लीग से प्रदेश के युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और बड़े स्तर पर खेलने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने खेलों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता नहीं बढ़ाते, बल्कि खिलाड़ियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व के गुण भी विकसित करते हैं।

छह फ्रेंचाइजी टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी

खेल विभाग के सचिव यशवंत कुमार ने बताया कि लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें छत्तीसगढ़ के 18 स्थानीय खिलाड़ियों के साथ चार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ी और ओलंपियन शामिल हैं। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनकी तकनीक सीखने का अवसर मिलेगा।

लीग में शामिल छह टीमें इस प्रकार हैं—

– चक्रधर चैंपियंस — जिंदल स्टील लिमिटेड

– न्यायधानी नाइट्स — साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL)

– राजधानी रॉयल्स — श्री बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड

– मैनपाट टाइगर्स — छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल

– संस्कारधानी स्ट्राइकर्स — सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड

– बैलाडीला बुल्स — NMDC लिमिटेड

इन फ्रेंचाइजी टीमों के माध्यम से कॉर्पोरेट संस्थानों और खेल जगत के बीच सहयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।

रोज होंगे दो मुकाबले, दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के सभी मुकाबले रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिदिन दो मैच आयोजित करने का कार्यक्रम है। पहला मुकाबला शाम 5:30 बजे और दूसरा शाम 7:30 बजे शुरू होगा।

लीग के शुभारंभ अवसर पर महिला खिलाड़ियों का विशेष प्रदर्शनी मैच भी आयोजित किया गया। इससे प्रदेश में महिला हॉकी को प्रोत्साहन देने का संदेश दिया गया। प्रतियोगिता का संचालन हॉकी इंडिया के अधिकृत अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है।

खेलप्रेमियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निःशुल्क रखा गया है। वहीं, स्टेडियम तक नहीं पहुंच पाने वाले दर्शक JioHotstar पर मुकाबलों का सीधा प्रसारण देख सकते हैं।

दिग्गज खिलाड़ियों की मौजूदगी ने बढ़ाई आयोजन की गरिमा

उद्घाटन समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर और खेल विभाग के सचिव यशवंत कुमार मौजूद रहे।

इसके अलावा छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के ब्रांड एंबेसडर सरदार सिंह और पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, खेल अधिकारी और खेलप्रेमी समारोह में शामिल हुए।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को प्रदेश की स्थनीय खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने, युवाओं में हॉकी के प्रति रुचि जगाने और राज्य को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।

Read more:-अम्बिकापुर में 23 अक्टूबर से सजेगा खेलों का महाकुंभ, 595 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम…

You may also like