Home » Blog » चार बेटियों की शादी का सपना और दो दिलों की टकरार, जानें नए शो की कहानी

चार बेटियों की शादी का सपना और दो दिलों की टकरार, जानें नए शो की कहानी

by desk

टीवी दर्शकों के लिए पारिवारिक रिश्तों, मां के सपनों और प्यार की नई कहानी आने वाली है। जी टीवी अपना नया धारावाहिक ‘शुभ शगुन शहनाइयां’ लेकर आ रहा है। इस शो में चार बेटियों की मां सुधा की ख्वाहिशों के साथ अमूल्या और वेदांत की दिलचस्प प्रेम कहानी दिखाई जाएगी।

यह धारावाहिक 30 नवंबर 2026 से सोमवार से शुक्रवार रात 10 बजे जी टीवी पर प्रसारित होगा। शो की कहानी लखनऊ की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि पर आधारित है।

चार बेटियों के लिए मां का सपना

कहानी के केंद्र में सुधा भटनागर हैं, जो अपनी चार बेटियों आराधना, अमूल्या, अंकिता और आयुषी के लिए अच्छे जीवनसाथी की तलाश करना चाहती हैं। उनके लिए बेटियों की शादी केवल एक पारिवारिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि उन्हें प्यार और सम्मान से भरी जिंदगी देते देखने का सपना है। सुधा अपने पति रघुनाथ के साथ परिवार संभालने के अलावा घर से कैटरिंग का कारोबार भी चलाती हैं।

अमूल्या और वेदांत की अलग-अलग सोच

शो में बृंदा दहल अमूल्या की भूमिका निभा रही हैं। अमूल्या हंसमुख, बेबाक और आत्मविश्वासी लड़की है। वह आधुनिक विचारों वाली है, लेकिन परिवार के संस्कारों और स्वाभिमान को भी उतना ही महत्व देती है। कारोबार की समझ रखने वाली अमूल्या अपनी मां के नमकीन और मिठाई के व्यवसाय को ऑनलाइन पहुंचाने में मदद करती है। वह अपनी बहनों और परिवार के सम्मान के लिए हमेशा खड़ी रहती है।

वहीं, फहमान खान वेदांत विक्रम सिंह के किरदार में नजर आएंगे। वेदांत मेहनती, अनुशासित और तेज दिमाग वाला कारोबारी है। वह बाहरी दुनिया में सख्त और अपने जज्बात छिपाकर रखने वाला इंसान है, लेकिन परिवार के बीच उसका नरम और भावुक रूप सामने आता है।

ज्योति मुखर्जी निभाएंगी सुधा का किरदार

अनुभवी अभिनेत्री ज्योति मुखर्जी सुधा भटनागर की भूमिका में दिखाई देंगी। सुधा पारंपरिक सोच रखने वाली, समझदार और व्यावहारिक मां हैं। वह अपनी बेटियों को सिखाती हैं कि किसी भी रिश्ते से बढ़कर आत्मसम्मान और स्वाभिमान होता है। शो में विश्वनाथ चटर्जी उनके पति रघुनाथ की भूमिका निभा रहे हैं।

कलाकारों ने साझा किया अपना अनुभव

मुंबई में शो के लॉन्च के दौरान मुख्य कलाकार ज्योति मुखर्जी, फहमान खान, बृंदा दहल, विश्वनाथ चटर्जी और स्वाति चिटनिस सहित पूरी टीम मौजूद रही। बृंदा दहल ने अमूल्या को बेबाक और परिवार के सम्मान के लिए खड़ी रहने वाली लड़की बताया। वहीं फहमान खान ने कहा कि शो की कहानी में रिश्तों, परिवार और प्यार के बदलते समीकरण उन्हें खास तौर पर पसंद आए।

ज्योति मुखर्जी के मुताबिक, सुधा का किरदार एक ऐसी मां का है, जो अपने परिवार से बेशर्त प्यार करती है और अपनी छोटी-छोटी खुशियों में भी जीवन का आनंद खोजती है।

कब और कहां देखें शो?

‘शुभ शगुन शहनाइयां’ का प्रसारण 30 नवंबर 2026 से शुरू होगा। दर्शक इसे सोमवार से शुक्रवार रात 10 बजे जी टीवी पर देख सकेंगे।

You may also like