Home » Blog » धमतरी में मछली पालकों के लिए बड़ी पहल, हर विकासखंड में खुलेंगे मछली दाना केंद्र

धमतरी में मछली पालकों के लिए बड़ी पहल, हर विकासखंड में खुलेंगे मछली दाना केंद्र

by desk

धमतरी में मछली पालकों के लिए बड़ी पहल, हर विकासखंड में खुलेंगे मछली दाना केंद्र

धमतरी, 25 नवंबर 2026। जिले में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने और ग्रामीणों की आय बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन ने नई पहल की है। अब धमतरी जिले के प्रत्येक विकासखंड में एक-एक मछली दाना केंद्र स्थापित किया जाएगा। इससे मछली पालकों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण आहार उपलब्ध होगा और उन्हें मछली दाना खरीदने के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने मत्स्य पालन को आजीविका, स्वरोजगार और आय संवर्धन का प्रभावी माध्यम बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। इस पहल से मत्स्य पालकों के समय और परिवहन खर्च में कमी आने के साथ व्यवसाय को अधिक लाभकारी बनाने में मदद मिलेगी।

ग्राम सियादेवी में मत्स्य पालन इकाई का निरीक्षण

इसी क्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने मंगलवार को ग्राम सियादेवी में कृषि महाविद्यालय के समीप संचालित मत्स्य पालन इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने मत्स्य पालक खेमिन बाई से चर्चा कर उनके व्यवसाय की शुरुआत, मछली पालन की तकनीक, मछलियों और झींगों के उत्पादन, आहार की उपलब्धता तथा व्यवसाय में आने वाली चुनौतियों के बारे में जानकारी ली।

मत्स्य पालक खेमिन बाई ने बताया कि वह वर्ष 2020 से मत्स्य पालन के व्यवसाय से जुड़ी हैं। मछली पालन के साथ-साथ झींगा पालन भी कर रही हैं। मछलियों के लिए आवश्यक आहार उन्हें धमतरी से खरीदकर लाना पड़ता है।

इस पर कलेक्टर ने कहा कि मत्स्य पालकों को मछली दाना और अन्य जरूरी सामग्री स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए, जिससे उनके खर्च में कमी आए और व्यवसाय आसान हो सके।

आठ डबरियों और दो तालाबों में हो रहा मत्स्य पालन

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि संबंधित परिसर में आठ डबरियों और दो तालाबों का निर्माण किया गया है। वहीं कुकरेल क्षेत्र में भी लगभग 50 डबरियां बनाई गई हैं।

मत्स्य पालन गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए एबीसी के माध्यम से मछलियों का आवश्यक आहार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा मत्स्य पालकों को विभागीय योजनाओं के अंतर्गत समय-समय पर तकनीकी मार्गदर्शन और अन्य जरूरी सहयोग दिया जा रहा है।

किसानों और ग्रामीण परिवारों के लिए बढ़ेंगे स्वरोजगार के अवसर

कलेक्टर ने जिले में मत्स्य पालन की संभावनाओं को देखते हुए उत्पादन बढ़ाने, जल संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और अधिक से अधिक किसानों एवं ग्रामीण परिवारों को इस गतिविधि से जोड़ने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि मत्स्य पालन कृषि के साथ आय का अतिरिक्त स्रोत बन सकता है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

जिला प्रशासन का प्रयास है कि मत्स्य पालकों को उत्पादन, मछली आहार की उपलब्धता और तकनीकी मार्गदर्शन सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुलभ कराई जाएं, ताकि जिले में मत्स्य पालन को संगठित एवं व्यावसायिक गतिविधि के रूप में विकसित किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा, एसडीएम मनोज मरकाम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

You may also like