रायपुर। छत्तीसगढ़ के कंटेंट क्रिएटर्स अब प्रदेश की संस्कृति, पर्यटन, खान-पान और लोकजीवन को देश-दुनिया तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 में क्रिएटर्स को प्रदेश का डिजिटल ब्रांड एंबेसडर बताया। उन्होंने कहा कि क्रिएटर्स की रचनात्मकता से छत्तीसगढ़ की सकारात्मक पहचान मजबूत हो रही है और स्थानीय संस्कृति को नई पहचान मिल रही है।
25 नवंबर को होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवा क्रिएटर्स से पॉडकास्ट शैली में संवाद किया और अपने राजनीतिक तथा सामाजिक जीवन के अनुभव साझा किए। जनता की सार्वजनिक वोटिंग के माध्यम से पसंदीदा क्रिएटर्स का चयन किया गया। इस आयोजन में 16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया आज सूचना, संवाद और सामाजिक जागरूकता का प्रभावी माध्यम बन चुका है। क्रिएटर्स मनोरंजन के साथ जनहित के विषयों को भी लोगों तक पहुंचा सकते हैं। बस्तर और सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय परंपराएं, लोककला, स्थानीय पर्यटन और छत्तीसगढ़ी भाषा को डिजिटल माध्यमों से देश-दुनिया तक पहुंचाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अपने जीवन के सफर पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि पिता के निधन के बाद कम उम्र में परिवार की जिम्मेदारी संभालनी पड़ी। इसके बाद गांव में पंच और सरपंच से लेकर विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री तक का सफर जनता के आशीर्वाद से पूरा हुआ।
किसानों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक धान खरीदी कर रही है। वहीं, नक्सलवाद के विरुद्ध मिली सफलता का उल्लेख करते हुए उन्होंने 31 मार्च 2026 को छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि बस्तर में अब शांति और विश्वास का वातावरण बन रहा है तथा विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास, उद्योग, आईटी, पर्यटन और स्टार्टअप के अवसर बढ़ाने की बात कही। प्रदेश में 38 नालंदा परिसर विकसित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही बस्तर में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए एजुकेशन सिटी तथा मेडिकल कॉलेज जैसी पहल की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने क्रिएटर्स से महिला स्व-सहायता समूहों और लखपति दीदियों के उत्पादों को डिजिटल माध्यमों से बाजार तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्रिएटर्स की एक रील भी किसी छोटे व्यवसाय को नई पहचान दिला सकती है। युवाओं को नशे से दूर रहने, तकनीक का सही उपयोग करने, खेलकूद और परिवार के साथ समय बिताने की सलाह भी दी।