रायपुर। राजधानी रायपुर में नकली नोटों का मामला सामने आया है। दलदल सिवनी स्थित छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की शाखा में अपने खाते में रुपये जमा कराने पहुंची एक महिला के पास से 50-50 रुपये के 25 संदिग्ध नोट मिले। बैंक कर्मचारियों ने जांच के दौरान नोटों में जरूरी सुरक्षा फीचर नहीं पाए। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने पंडरी थाना पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैश काउंटर पर जांच के दौरान पकड़े गए नोट
पुलिस के मुताबिक, छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की दलदल सिवनी शाखा के खाता प्रबंधक संजय मिश्रा ने मामले में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को बैंक की ग्राहक जानकी वराठे अपने खाते में 12,350 रुपये जमा कराने पहुंची थीं।
महिला ने कैश काउंटर पर 50 और 100 रुपये के नोट जमा करने के लिए दिए। रकम की गिनती के दौरान 50 रुपये के 25 नोट संदिग्ध नजर आए। इन नोटों की कुल कीमत 1,250 रुपये थी।
जांच में नहीं मिले जरूरी सुरक्षा फीचर
संदेह होने पर बैंक कर्मचारियों ने नोटों की जांच की। जांच के दौरान उनमें निर्धारित सुरक्षा फीचर नहीं मिले। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने नोटों को संदिग्ध मानते हुए पुलिस को इसकी जानकारी दी।
आरबीआई के नियम के तहत दर्ज कराई एफआईआर
बैंक प्रबंधन के मुताबिक, भारतीय रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों के अनुसार एक ही लेनदेन में चार या उससे अधिक नकली नोट मिलने पर पुलिस में एफआईआर दर्ज कराना अनिवार्य है। महिला के पास से 50 रुपये के 25 संदिग्ध नोट मिलने के बाद बैंक ने पंडरी थाने में शिकायत दर्ज कराई।
नकली नोट कहां से आए, पुलिस कर रही जांच
पंडरी थाना पुलिस ने महिला जानकी वराठे के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला के पास संदिग्ध नोट कहां से आए और इन्हें किसने दिया था। मामले में आगे की जांच जारी है।