Home » Blog » CGPSC सहायक ग्रंथपाल भर्ती में बड़ा बदलाव, आवेदन के दौरान ही खींचनी होगी लाइव फोटो….

CGPSC सहायक ग्रंथपाल भर्ती में बड़ा बदलाव, आवेदन के दौरान ही खींचनी होगी लाइव फोटो….

CGPSC सहायक ग्रंथपाल भर्ती में बड़ा बदलाव, आवेदन के दौरान ही खींचनी होगी लाइव फोटो

by desk

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने सहायक ग्रंथपाल मुख्य परीक्षा-2026 के आवेदन की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण तकनीकी बदलाव किया है। अब अभ्यर्थी आवेदन फॉर्म भरते समय अपनी पुरानी फोटो या मोबाइल गैलरी में मौजूद तस्वीर अपलोड नहीं कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को ओपन कैमरा के जरिए लाइव फोटो खींचकर अपलोड करनी होगी। यह व्यवस्था 20 अगस्त 2026 से शुरू होने वाली आवेदन प्रक्रिया में लागू की गई है।

मोबाइल या ई-मेल पर मिलेगा लाइव फोटो का लिंक

CGPSC के अनुसार आवेदन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए अभ्यर्थी के पंजीकृत मोबाइल नंबर या ई-मेल पर एक लिंक उपलब्ध कराया जाएगा। लिंक पर क्लिक करने के बाद ओपन कैमरा सक्रिय होगा और अभ्यर्थी को मौके पर अपनी तस्वीर खींचनी होगी। फोटो खींचने के बाद उसे सबमिट करना अनिवार्य होगा।

फोटो लेते समय इन बातों का रखें ध्यान

लाइव फोटो के दौरान अभ्यर्थी का चेहरा स्पष्ट दिखाई देना चाहिए। फोटो का बैकग्राउंड हल्के रंग का होना चाहिए। चेहरे का अधिकांश हिस्सा कैमरे की स्क्रीन पर स्पष्ट दिखे, दोनों कान दिखाई दें और आंखें खुली हों। यदि पहली बार में फोटो सही नहीं आती है, तो अभ्यर्थी दोबारा फोटो खींच सकता है। इसके बाद फोटो को सबमिट करना होगा।

आवेदन शुल्क और जीएसटी अलग से

छत्तीसगढ़ के आरक्षित वर्गों—एससी, एसटी, ओबीसी और निःशक्तजन—के अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शुल्क 300 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं अन्य श्रेणी के अभ्यर्थियों और बाहरी राज्यों के अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 400 रुपये है। इसके अलावा पोर्टल शुल्क और जीएसटी अलग से देय होगा। जमा की गई राशि किसी भी स्थिति में वापस नहीं की जाएगी।

कब होगी परीक्षा?

सहायक ग्रंथपाल मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया 20 अगस्त 2026 से दोपहर 12 बजे शुरू होकर 19 सितंबर 2026 तक चलेगी। मुख्य परीक्षा 10 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक बिलासपुर और रायपुर में निर्धारित केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।

अभ्यर्थियों को परीक्षा का प्रवेश पत्र परीक्षा से लगभग 10 दिन पहले आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा। डाक या एसएमएस के माध्यम से अलग से सूचना नहीं दी जाएगी। आवेदन में किसी गलती को सुधारने के लिए 20 और 21 सितंबर 2026 को पोर्टल खुला रहेगा।

You may also like