Home » Blog » मेरठ: इंस्टाग्राम पर दोस्ती, प्रेमिका के छह माह के बेटे को नाले में फेंककर हत्या

मेरठ: इंस्टाग्राम पर दोस्ती, प्रेमिका के छह माह के बेटे को नाले में फेंककर हत्या

हापुड़ निवासी विशाल ने समीर को नाले में फेंका, शव 13 जुलाई को मिला; आरोपी गिरफ्तार

by desk

मेरठ। यूपी के मेरठ से सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक ने प्रेमिका के छह माह के बेटे को नाले में फेंककर मार डाला। सहारनपुर के गंगोह की महिला बच्चे को मेरठ लेकर आई थी। मेरठ के नौचंदी थाना इलाके की पंचशील कॉलोनी के खुले नाले में 13 जुलाई को मासूम का शव मिला था।

बच्चे के शव की पहचान सहारनपुर के दौलतपुर छन्नों गांव की शबाना के पुत्र समीर के रूप में हुई। पुलिस की जांच में पता चला कि इंस्टाग्राम पर दोस्ती और प्यार के बाद हापुड़ निवासी प्रेमी विशाल ने समीर को नाले में फेंककर मार डाला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत होने की पुष्टि हुई है। मेरठ पुलिस ने आरोपी विशाल को देर रात हापुड़ से गिरफ्तार कर लिया है।

गंगोह थाने में इमरान की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक 12 जुलाई को उसकी पत्नी शबाना बेटे समीर को लेकर गंगोह दवाई लेने गई थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। 26 जुलाई को उसकी पत्नी हापुड़ जिले के मुदाफरा गांव में विशाल के घर मिली, लेकिन बेटे समीर का कहीं पता नहीं चला।

शबाना ने बताया कि कुछ माह पहले इंस्टाग्राम पर उसकी बातचीत विशाल से हुई थी। तभी दोनों में प्रेम हो गया। घटना के दिन प्रेमी ने ही उसे मेरठ के सोहराब गेट बस स्टैंड पर मिलने के लिए बुलाया था। रात करीब 11:30 बजे विशाल उससे मिला और कहा कि वह बच्चे को अपने घर नहीं ले जा सकता। इसे स्टैंड के पास में ही अपने एक दोस्त को दे आएगा। शबाना उससे सहमत हो गई।

शबाना ने बताया कि प्रेमी उससे बच्चा लेकर चला गया था। करीब पांच मिनट बाद वह वापस लौटा और बताया कि उसने बच्चा अपने एक दोस्त को दे दिया है। इसके बाद वह शबाना को अपने घर हापुड़ ले गया।

एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले के मुताबिक नाले में मिले बच्चे के शव की पहचान होने के बाद तहरीर नहीं मिली है। पिता ने सहारनपुर के गंगोह थाने में विशाल के खिलाफ हत्या की धारा में जीरो प्राथमिकी दर्ज करा दी है।

मेरठ शहर के खुले नाले हादसे ही नहीं, हत्या और शव ठिकाने लगाने का भी माध्यम बन गए हैं। साढ़े तीन माह में तीसरी बार खुले नाले में शव फेंककर हत्या या शव छिपाने का मामला उजागर हुआ है।

You may also like