नसीरुद्दीन शाह ने हाल ही में कई लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड की पेशकश को ठुकरा दिया है। अभिनेता ने इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ के 50 दिन पूरे होने के मौके पर आयोजित सक्सेस पार्टी में इसकी वजह बताई।
76 वर्षीय नसीरुद्दीन शाह ने कहा, “हाल ही में मुझे कई लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड देने की पेशकश की गई, लेकिन मैंने मना कर दिया। लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड का मतलब होता है कि आपका काम पूरा हो गया है। मेरा अभी काम छोड़ने का कोई इरादा नहीं है, और इसीलिए मैं ये अवॉर्ड स्वीकार नहीं करता। मुझे नहीं लगता कि मेरा काम पूरा हुआ है।”
फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ बंटवारे के समय की यादों पर आधारित रोमांटिक फिल्म है, जिसमें नसीरुद्दीन शाह के अलावा दिलजीत दोसांझ, वेदांग रैना और शरवरी वाघ हैं। यह कई वर्षों बाद इम्तियाज अली की बॉक्स ऑफिस पर सफल फिल्म साबित हुई है। दुनियाभर में इसने 99.22 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है।
सक्सेस पार्टी में नसीरुद्दीन शाह ने फिल्म को मिले प्यार के लिए दर्शकों का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा, “मैं खुद को बहुत खुशनसीब मानता हूं कि मैं इस फिल्म का हिस्सा बना। मुझे इस पर बहुत गर्व है। आप सभी के सहयोग के लिए धन्यवाद।”
नसीरुद्दीन शाह ने 1970 के दशक में पैरेलल सिनेमा से करियर शुरू किया था। ‘हम पांच’ से मेनस्ट्रीम में आए। उन्होंने ‘स्पर्श’ (1979) और ‘पार’ (1984) के लिए बेस्ट एक्टर तथा ‘इकबाल’ (2005) के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का नेशनल अवॉर्ड जीता है। फिलहाल वे अपने करियर के शानदार दौर से गुजर रहे हैं और एक्टिंग जारी रखने के मूड में हैं।