Home » Blog » लाल किले से पीएम मोदी के 10 अहम संदेश, जानिए भाषण की मुख्य बातें

लाल किले से पीएम मोदी के 10 अहम संदेश, जानिए भाषण की मुख्य बातें

by desk

 

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से देशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने तिरंगे की भावना को हर घर और हर मन में बसी बताते हुए इस बार लाल किले पर पहली बार गूंजे ‘वंदे मातरम’ को ऐतिहासिक पल करार दिया।

अपने संबोधन में उन्होंने 10 प्रमुख संदेश दिए। पहला संदेश 2047 तक विकसित भारत बनाने का था। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ जनता की सामूहिक शक्ति ही इस लक्ष्य की सबसे बड़ी ताकत है और राज्यों व स्थानीय निकायों को विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने की जरूरत है।

दूसरा संदेश ऊर्जा सुरक्षा पर केंद्रित रहा। उन्होंने 2047 तक 100 गीगावॉट परमाणु ऊर्जा का लक्ष्य रखा और पांच नए परमाणु रिएक्टरों पर चल रहे काम का जिक्र किया। एआई और डेटा सेंटर के विस्तार के लिए बिजली की बड़ी जरूरत को देखते हुए ऊर्जा सुरक्षा को रणनीतिक मुद्दा बताया।

तीसरा संदेश आपदा प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना का था। असम, केरल, उत्तराखंड और नागालैंड समेत बाढ़, भारी बारिश और भूस्खलन से प्रभावित लोगों का जिक्र करते हुए कहा कि मुश्किल घड़ी में पूरा देश उनके साथ खड़ा है।

चौथा संदेश आत्मनिर्भरता पर था। पेट्रोल, डीजल, उर्वरक, दवाइयों और तकनीक जैसे क्षेत्रों में वैश्विक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए आत्मनिर्भरता को देश की जरूरत बताया। उन्होंने कहा कि पहले दशकों में पूरे होने वाले प्रोजेक्ट अब कम समय में पूरे हो रहे हैं।

पांचवां संदेश ‘समुद्र मंथन’ पहल का रहा। समुद्री संसाधनों की खोज के लिए 85 हजार करोड़ रुपये के फंड का जिक्र किया और ऊर्जा जरूरतों के लिए समुद्र के भीतर संभावनाएं तलाशने पर जोर दिया।

छठा संदेश वैश्विक स्तर पर भारतीय कंपनियों की मजबूत मौजूदगी का था। फॉर्च्यून-500 सूची में ज्यादा भारतीय कंपनियां, बैंकिंग और फार्मा सेक्टर में भारत की पहचान बनाने का लक्ष्य रखा।

सातवां संदेश नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई पर केंद्रित था। सुरक्षा बलों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने का संकल्प लिया गया है और अब उन इलाकों में विकास व विश्वास का माहौल बन रहा है।

आठवां संदेश ‘शक्ति की सप्तधारा’ का था। मैन्युफैक्चरिंग में पुर्जों से लेकर डिजाइन और उत्पादन तक पूरी वैल्यू चेन मजबूत करने के साथ जीरो डिफेक्ट और यूजर-फ्रेंडली उत्पादों पर जोर दिया।

नौवां संदेश युवाओं के लिए था। आने वाले एक साल में एक करोड़ से ज्यादा युवाओं को एआई की ट्रेनिंग देने और जरूरतमंद मेधावी छात्रों को मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने की घोषणा की।

दसवां संदेश ओलंपिक 2036 और देशव्यापी टैलेंट हंट का रहा। 2036 ओलंपिक की मेजबानी की तैयारी के साथ 5 से 15 वर्ष के बच्चों के लिए राष्ट्रव्यापी टैलेंट हंट अभियान शुरू करने की बात कही।

प्रधानमंत्री ने विकास, आत्मनिर्भरता, ऊर्जा सुरक्षा, तकनीक, युवा और खेल को भारत के भविष्य की ताकत बताते हुए सामूहिक प्रयासों से 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया।

You may also like