रायपुर, 26 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल और विशिष्ट कृषि उत्पादों को अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाने की तैयारी की जा रही है। प्रदेश के जीराफूल, जवाफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ जैसे खास चावल विदेशों तक पहुंचाने के लिए स्पेन के बार्सिलोना में महत्वपूर्ण व्यावसायिक चर्चा हुई है।
कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में स्पेन पहुंचे छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने फिरा बार्सिलोना संस्था के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिकॉर्ड जेप्टरो के साथ बैठक की। इस दौरान कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी और कृषि संचालक राहुल देव भी मौजूद रहे। भारत के काउंसिल जनरल आर्स निसार की उपस्थिति में प्रदेश के कृषि उत्पादों की वैश्विक ब्रांडिंग और निर्यात संभावनाओं पर चर्चा की गई।
बैठक में छत्तीसगढ़ के विशिष्ट कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रचारित करने, यूरोपीय बाजारों तक पहुंच बनाने और विदेशी खरीदारों से संपर्क बढ़ाने पर जोर दिया गया। फिरा बार्सिलोना की ओर से राज्य के साथ समन्वय कर यहां के कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंचों पर बढ़ावा देने में सहयोग की बात कही गई।
इस पहल से छत्तीसगढ़ के किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ), कृषि उद्यमियों, उत्पादकों और निर्यातकों को विदेशी खरीदारों से जुड़ने के नए अवसर मिल सकते हैं। जीराफूल और नगरी दुबराज चावल को भौगोलिक संकेतक (जीआई टैग) प्राप्त है। इनकी वैश्विक ब्रांडिंग मजबूत होने से किसानों को अपनी विशिष्ट उपज का बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद है।
राज्य सरकार निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश के निर्यात को दोगुना करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। ऐसे में बार्सिलोना में हुई यह चर्चा छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने, निर्यात बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।