सड़क सुरक्षा के प्रति मुख्यमंत्री ने जताई प्रतिबद्धता, रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के यातायात जागरूकता अभियानों और तकनीकी नवाचारों की ली जानकारी
रायपुर। सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सड़क सुरक्षा संकल्प पोस्टर पर हस्ताक्षर कर सुरक्षित यातायात के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस दौरान रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को शहर में चलाए जा रहे यातायात जागरूकता अभियानों और सड़क सुरक्षा के लिए किए जा रहे विभिन्न नवाचारों की जानकारी दी।
ट्रैफिक हैकथॉन 2026 की हुई सराहना
पुलिस अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को ट्रैफिक हैकथॉन 2026 अभियान के बारे में भी जानकारी दी। अभियान के जरिए तकनीकी नवाचार और जनभागीदारी को जोड़कर यातायात व्यवस्था तथा सड़क सुरक्षा को अधिक प्रभावी बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की इस पहल की सराहना की। उन्होंने सड़क सुरक्षा के लिए तकनीक और आम लोगों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
सुरक्षित यातायात के लिए सामूहिक जिम्मेदारी
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
पुलिस ने वाहन चालकों और राहगीरों से सड़क पर सावधानी बरतने, यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की है।
सड़क सुरक्षा संकल्प अभियान के माध्यम से लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने और सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।