धमतरी में करीब 2.50 लाख रुपये के सामान ले जाने के मामले में पुलिस की कार्रवाई, हितेश सिंह को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
धमतरी। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का अधिकारी बनकर घर में घुसने और गोली मारने की धमकी देकर करीब 2.50 लाख रुपये का सामान ले जाने के मामले में सिविल लाइन रुद्री पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी हितेश सिंह, निवासी सलका बड़कापारा, बैकुंठपुर, जिला कोरिया को 22 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
ACB अधिकारी बताकर घर में दाखिल होने का आरोप
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने थाना रुद्री में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कुछ लोग खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो का वरिष्ठ अधिकारी बताते हुए उसके घर में दाखिल हुए। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने गोली मारने की धमकी दी और घर में रखे लैपटॉप, वनप्लस पैड और 8 मोबाइल फोन अपने साथ ले गए।
शिकायत के आधार पर थाना रुद्री में अपराध क्रमांक 62/2026 के तहत BNS की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान प्रकरण में दो अन्य धाराएं भी जोड़ी गईं।
दो आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में पहले रामचंद देवांगन निवासी रुद्री और नागेंद्र पटेल निवासी पटना, जिला कोरिया को गिरफ्तार किया था। दोनों की गिरफ्तारी 29 नवंबर 2025 को की गई थी।वहीं, मामले में हितेश सिंह फरार चल रहा था। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही थी।
22 सितंबर को पुलिस के हाथ लगा फरार आरोपी
लगातार पतासाजी और संभावित ठिकानों पर दबिश के बाद पुलिस ने 22 सितंबर 2026 को हितेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन और सिविल लाइन रुद्री थाना प्रभारी के नेतृत्व में की गई। पुलिस द्वारा फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।