Home » Blog » MRPL प्लांट में तेज धमाका, कई इलाकों में महसूस हुए भूकंप जैसे झटके…

MRPL प्लांट में तेज धमाका, कई इलाकों में महसूस हुए भूकंप जैसे झटके…

मंगलुरु की MRPL रिफाइनरी में जोरदार विस्फोट के बाद आग लग गई। धमाके की आवाज और कंपन आसपास के कई इलाकों में महसूस किए गए।

by desk

मंगलुरु: कर्नाटक के तटीय शहर मंगलुरु में बुधवार को मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (MRPL) के परिसर में जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट के बाद रिफाइनरी में आग लग गई। धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास के कई इलाकों में लोगों को भूकंप जैसे झटके महसूस हुए। कई घरों के दरवाजे और खिड़कियों के शीशे टूटने की भी सूचना है।

धमाके से इलाके में मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार, हादसा जोकट्टे क्षेत्र के पास स्थित MRPL रिफाइनरी परिसर में हुआ। शुरुआती जानकारी में बताया जा रहा है कि विस्फोट रिफाइनरी के तीसरे प्लांट के आसपास हुआ। धमाके के बाद प्लांट से धुएं का गुबार उठने लगा और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई।

कई घरों की खिड़कियों के शीशे टूटे

विस्फोट के दबाव का असर आसपास के रिहायशी क्षेत्रों में भी देखने को मिला। जोकट्टे ग्राम पंचायत भवन और आसपास के कुछ मकानों के दरवाजों और खिड़कियों के शीशे टूट गए। कुछ इमारतों में दरारें आने की भी सूचना है।

दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें सक्रिय हो गईं। आग पर काबू पाने के लिए मंगलुरु और पांडेश्वर से दमकल की कई गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। SDRF की टीमें और एम्बुलेंस भी तैनात की गईं।

MRPL प्रबंधन के आधिकारिक बयान का इंतजार

हादसे के कई घंटे बाद भी रिफाइनरी प्रबंधन की ओर से विस्फोट के कारण, नुकसान और संभावित हताहतों को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई थी। प्रशासन की ओर से राहत और सुरक्षा व्यवस्था पर निगरानी रखी जा रही है।
Read more:-MRPL प्लांट में तेज धमाका, कई इलाकों में महसूस हुए भूकंप जैसे झटके…

You may also like