Home » Blog » छत्तीसगढ़ के दो कलाकारों को राष्ट्रीय सम्मान, डॉ. आनन्द पाण्डेय और घनश्याम साहू को मिला उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार…

छत्तीसगढ़ के दो कलाकारों को राष्ट्रीय सम्मान, डॉ. आनन्द पाण्डेय और घनश्याम साहू को मिला उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार…

छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। जशपुर के डॉ. आनन्द पाण्डेय और सारंगढ़ के श्री घनश्याम साहू को संगीत नाटक अकादमी के प्रतिष्ठित उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

by desk

रायपुर। छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। जशपुर के डॉ. आनन्द पाण्डेय और सारंगढ़ के श्री घनश्याम साहू को संगीत नाटक अकादमी के प्रतिष्ठित उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। डॉ. आनन्द पाण्डेय को उत्कृष्ट अभिनय, जबकि घनश्याम साहू को विशिष्ट नाट्य लेखन और छत्तीसगढ़ी फिल्मों में प्रभावशाली पटकथा लेखन के लिए यह सम्मान मिला है।

जशपुर के डॉ. आनन्द पाण्डेय ने अभिनय के क्षेत्र में बनाई पहचान

जशपुर के डॉ. आनन्द पाण्डेय ने सुदूर आदिवासी अंचल में रंगमंच की परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उत्कृष्ट अभिनय के लिए मिला यह राष्ट्रीय सम्मान उनके समर्पण, मेहनत और कला साधना का प्रतीक है। उनकी उपलब्धि जशपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के रंगकर्मियों के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है।

घनश्याम साहू को नाट्य और पटकथा लेखन के लिए सम्मान

सारंगढ़ के श्री घनश्याम साहू को उनके विशिष्ट नाट्य लेखन और छत्तीसगढ़ी फिल्मों में उत्कृष्ट पटकथा लेखन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। उनका यह सम्मान छत्तीसगढ़ी भाषा, साहित्य, रंगमंच और सिनेमा से जुड़े रचनाकारों के लिए गौरव का विषय है।

संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने दी बधाई

छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने दोनों कलाकारों को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती कला, संस्कृति और सृजनशीलता की अनमोल विरासत से समृद्ध है। प्रदेश के वनांचलों और छोटे कस्बों से निकलकर कलाकारों का राष्ट्रीय मंच पर सम्मानित होना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है।

मंत्री ने कहा कि डॉ. आनन्द पाण्डेय और श्री घनश्याम साहू की उपलब्धि युवा पीढ़ी, रंगकर्मियों, साहित्यकारों और सिनेमा से जुड़े रचनाकारों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। ऐसे सम्मान प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ ही कला और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन को भी प्रोत्साहित करते हैं।

छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को मिली राष्ट्रीय पहचान

संगीत नाटक अकादमी का उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार प्रदर्शन कलाओं के क्षेत्र में युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने वाला प्रतिष्ठित सम्मान है। छत्तीसगढ़ के दो कलाकारों को यह सम्मान मिलना प्रदेश की समृद्ध नाट्य परंपरा और रचनात्मक प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने का प्रतीक है।

दोनों कलाकारों की उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत प्रयासों का सम्मान है, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और कला साधना के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

Read more:-झारखंड नर्सिंग की खाली सीटों की विशेष काउंसलिंग: पंजीकरण का आज आखिरी दिन

You may also like