Home » Blog » रणजी ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ की हार, आखिरी विकेट ने पलटा पूरा मैच

रणजी ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ की हार, आखिरी विकेट ने पलटा पूरा मैच

by desk

हैदराबाद ने एक विकेट से छीनी जीत, 220 रन पर गिर चुके थे 9 विकेट; जानिए कैसे पलटा मुकाबला

रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप बी के रोमांचक मुकाबले में छत्तीसगढ़ क्रिकेट टीम को हैदराबाद के हाथों एक विकेट से हार का सामना करना पड़ा। हैदराबाद के जिमखाना ग्राउंड में खेले गए मैच के अंतिम दिन मेजबान टीम ने आखिरी विकेट के लिए शानदार संघर्ष करते हुए 259 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया।

मैच में एक समय ऐसा लग रहा था कि छत्तीसगढ़ आसानी से जीत दर्ज कर लेगा, लेकिन हैदराबाद के आखिरी बल्लेबाजों ने पूरा खेल बदल दिया।

220 रन पर गिर गए थे 9 विकेट

259 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की टीम एक समय 220 रन पर अपने 9 विकेट गंवा चुकी थी। जीत के लिए 39 रन बाकी थे और छत्तीसगढ़ की टीम जीत से केवल एक विकेट दूर थी।

ऐसे मुश्किल समय में नंबर 10 के बल्लेबाज अनिकेत रेड्डी और रक्षण रेड्डी ने हार नहीं मानी। दोनों ने धैर्य और आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार तालमेल दिखाया।

दो छक्कों ने बढ़ाया रोमांच

अनिकेत रेड्डी ने दबाव के बीच अजय मंडल की गेंदों पर दो छक्के लगाकर मुकाबले का रुख बदलना शुरू किया। दूसरी ओर रक्षण रेड्डी ने समझदारी से स्ट्राइक संभाली।

आखिरकार रक्षण रेड्डी ने जयंत यादव की गेंद पर लॉन्ग-ऑन की दिशा में छक्का लगाकर हैदराबाद को एक विकेट से यादगार जीत दिला दी।

अभिराथ रेड्डी और वरुण गौड़ ने भी संभाली पारी

इससे पहले दिन का खेल 13 रन पर दो विकेट से आगे शुरू करते हुए अभिराथ रेड्डी ने 68 रन की शानदार पारी खेली। राहुल रादेश ने 39 रन बनाए। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 87 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई।

इसके बाद वरुण गौड़ ने 55 रनों का जुझारू अर्धशतक लगाया। कप्तान चामा मिलिंद ने 22 रन बनाकर उनका साथ दिया। दोनों के बीच 40 रनों की साझेदारी ने हैदराबाद को मुकाबले में बनाए रखा।

छत्तीसगढ़ के गेंदबाजों का प्रदर्शन

छत्तीसगढ़ की ओर से देव आदित्य सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 28 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। धर्मेंद्र सिंह जडेजा, जयंत यादव और अजय मंडल ने दो-दो विकेट लिए।

हालांकि, आखिरी विकेट नहीं निकाल पाने के कारण छत्तीसगढ़ को करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।

अंक तालिका में हैदराबाद शीर्ष पर

इस जीत के साथ हैदराबाद ने चार मैचों में तीन जीत दर्ज करते हुए 20 अंक हासिल कर एलीट ग्रुप बी में पहला स्थान प्राप्त कर लिया है। वहीं, छत्तीसगढ़ के चार मैचों में कुल 7 अंक हैं।

You may also like