Home » Blog » छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर को मनेगा जनजातीय गौरव दिवस, धरमजयगढ़ में होगा राज्य स्तरीय समारोह

छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर को मनेगा जनजातीय गौरव दिवस, धरमजयगढ़ में होगा राज्य स्तरीय समारोह

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर रायगढ़ जिले में होगा भव्य आयोजन, 11 से 18 नवंबर तक प्रदेशभर में मनाया जाएगा जनजातीय गौरव सप्ताह; स्कूल-कॉलेजों में होंगी प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम।

by desk

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को सम्मान देने के लिए 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। महान आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही 11 से 18 नवंबर तक पूरे प्रदेश में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

धरमजयगढ़ में लगेगी विभागीय योजनाओं की प्रदर्शनी

राज्य स्तरीय समारोह में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, वन, ऊर्जा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा उद्योग एवं रोजगार विभाग शामिल होंगे। प्रदर्शनी के माध्यम से जनजातीय समुदायों के लिए संचालित योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और रोजगार से जुड़े प्रयासों की जानकारी दी जाएगी।

बिरसा मुंडा सहित जनजातीय वीरों की गाथाओं से रूबरू होंगे विद्यार्थी

जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान प्रदेश के सरकारी, निजी, अनुदान प्राप्त विद्यालयों और महाविद्यालयों में विशेष गतिविधियां आयोजित होंगी। इनमें निबंध लेखन, भाषण, प्रश्नोत्तरी, चित्रकला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल हैं। विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर सहित अन्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से परिचित कराया जाएगा।

नई पीढ़ी को जनजातीय संस्कृति और परंपरागत ज्ञान से जोड़ने की पहल

इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को जनजातीय समाज की जीवनशैली, लोककला, लोकगीत, लोकनृत्य, सामुदायिक परंपराओं और प्रकृति संरक्षण से जुड़े पारंपरिक ज्ञान की जानकारी देना है। इसके लिए जनजातीय इतिहास, संस्कृति और स्वतंत्रता सेनानियों से संबंधित साहित्य के संकलन एवं वितरण के निर्देश भी दिए गए हैं।

बस्तर से सरगुजा तक दिखेगी सांस्कृतिक विरासत की झलक

छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति अपनी विशिष्ट परंपराओं, हस्तशिल्प, लोकनृत्यों और प्रकृति के साथ गहरे जुड़ाव के लिए जानी जाती है। बस्तर से सरगुजा तक फैली सांस्कृतिक विविधता प्रदेश की महत्वपूर्ण पहचान है। जनजातीय गौरव सप्ताह के माध्यम से इस विरासत के संरक्षण और संवर्धन का संदेश दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हो रहे प्रयास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनजातीय विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की भावना के अनुरूप मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार जनजातीय इतिहास, संस्कृति और परंपरागत ज्ञान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के प्रयास कर रही है। शासन ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ आयोजन की तैयारियां पूरी करने और कार्यक्रमों का सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं।

जनजातीय गौरव दिवस का उद्देश्य केवल जनजातीय महापुरुषों को याद करना नहीं, बल्कि उनके संघर्ष, बलिदान और राष्ट्र निर्माण में योगदान को सम्मान देना भी है। यह आयोजन सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक संरक्षण और जनजातीय समाज के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Read more:-SAFF चैंपियनशिप 2026: भारत का मुकाबला मालदीव से, जीत के इरादे से मैदान पर उतरेगी टीम इंडिया…

You may also like