Home » Blog » स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ का जलवा: बिल्हा ने देश में हासिल किया पहला स्थान, रायपुर-बिलासपुर भी सम्मानित

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ का जलवा: बिल्हा ने देश में हासिल किया पहला स्थान, रायपुर-बिलासपुर भी सम्मानित

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रदान किए राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार, उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों ने ग्रहण किया सम्मान।

by desk

रायपुर। स्वच्छता और बेहतर नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इनमें बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, बिलासपुर को स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में दूसरा स्थान मिला है। रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रदान किए राष्ट्रीय पुरस्कार

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के पुरस्कार वितरण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव, विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा तथा संबंधित नगरीय निकायों के महापौरों और अधिकारियों ने राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किए। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित रहे।

बिल्हा ने छोटे शहरों की श्रेणी में देशभर में मारी बाजी

इस बार छत्तीसगढ़ के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि नगर पंचायत बिल्हा ने हासिल की है। 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में बिल्हा ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि बताती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद बेहतर प्रबंधन, स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता और नागरिकों की भागीदारी से छोटे शहर भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

बिलासपुर को स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन में दूसरा स्थान

बिलासपुर ने भी स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशेष पहचान बनाई है। शहर को स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। वहीं, राजधानी रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के मामले में छत्तीसगढ़ में प्रथम पुरस्कार मिला है। तीनों निकायों की उपलब्धियों से प्रदेश की नगरीय स्वच्छता व्यवस्था को राष्ट्रीय पहचान मिली है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ को मिला राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश के शहरों की बदलती तस्वीर और स्वच्छता के प्रति नागरिकों की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिल्हा का देश में पहला स्थान प्राप्त करना, बिलासपुर का स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल करना और रायपुर का राज्य में अग्रणी रहना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। हमारा उद्देश्य केवल स्वच्छता रैंकिंग में आगे बढ़ना नहीं, बल्कि ऐसी स्थायी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें स्वच्छता हर नागरिक की आदत और हर शहर की पहचान बने।

अरुण साव बोले- सामूहिक प्रयासों का परिणाम है सम्मान

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को सम्मानित किया जाना छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह सम्मान नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण के माध्यम से शहरों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता, नागरिक सहभागिता और नगरीय निकायों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के प्रयासों को प्रोत्साहन मिलता है।

समारोह में ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

पुरस्कार वितरण समारोह में रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी और नगर पंचायत बिल्हा की अध्यक्ष वंदना जेंड्रे सहित राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के मिशन डायरेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल, रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा और बिलासपुर नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों को मिले इस राष्ट्रीय सम्मान से प्रदेश में स्वच्छता, जनभागीदारी और बेहतर शहरी प्रबंधन को नई पहचान मिली है।

Read more:-यूपी SIR विवाद: 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम गायब होने पर CM योगी ने उठाए सवाल, ECI से जांच की मांग

You may also like