मुंबई। टाटा समूह के भीतर चल रहा बोर्ड मतदान अधिकारों का विवाद अब बड़े कानूनी संघर्ष में बदलता नजर आ रहा है। टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति को लेकर टाटा ट्रस्ट्स के दो घटक ट्रस्टों ने कानूनी चुनौती देने की तैयारी कर ली है। एनडीटीवी प्रॉफिट की रिपोर्ट के मुताबिक, सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और रतन टाटा ट्रस्ट ने बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर करने की कार्रवाई को मंजूरी दी है। इसमें चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति से जुड़े बोर्ड प्रस्ताव को रद्द करने, उसके क्रियान्वयन पर रोक लगाने और कुल 65 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग शामिल है।
इस विवाद की जड़ टाटा संस के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन के आर्टिकल 121 में छिपी है। टाटा ट्रस्ट्स का तर्क है कि कुछ महत्वपूर्ण बोर्ड फैसलों के लिए उसके नामित निदेशकों के बहुमत का सकारात्मक समर्थन जरूरी है। ऐसे में केवल सामान्य बहुमत या निर्णायक मत के आधार पर पारित प्रस्ताव को वैध नहीं माना जा सकता।
विवाद की शुरुआत 17 सितंबर को हुई टाटा संस बोर्ड की बैठक से हुई थी। इस बैठक में एन. चंद्रशेखरन को 21 फरवरी 2027 से शुरू होने वाले अगले पांच साल के कार्यकाल के लिए फिर से चेयरमैन नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, बैठक में टाटा ट्रस्ट्स के दोनों नामित निदेशकों की राय अलग-अलग थी। नोएल टाटा ने प्रस्ताव के खिलाफ मतदान किया, जबकि वेणु श्रीनिवासन ने इसका समर्थन किया। इसके बाद बैठक की अध्यक्षता कर रहे स्वतंत्र निदेशक हरीश मनवानी ने निर्णायक मत का इस्तेमाल करते हुए प्रस्ताव के पक्ष में फैसला दिया।
टाटा ट्रस्ट्स का कहना है कि जब उनके दोनों प्रतिनिधियों के मत अलग-अलग थे, तब निर्णायक मत के जरिए आर्टिकल 121 की अनिवार्य शर्त पूरी नहीं की जा सकती थी। इसी आधार पर ट्रस्टों ने बोर्ड के फैसले की वैधता पर सवाल उठाए हैं।
एनडीटीवी प्रॉफिट के मुताबिक, दोनों ट्रस्टों ने 25 नवंबर को सर्कुलर प्रस्ताव पारित कर कानूनी कार्रवाई को अधिकृत किया। प्रस्तावित याचिका में तीन प्रमुख मांगें रखी गई हैं। पहली, 17 सितंबर के बोर्ड प्रस्ताव को अमान्य घोषित कर उसके क्रियान्वयन पर रोक लगाई जाए। दूसरी, टाटा संस को आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन में निर्धारित सकारात्मक मतदान की शर्तों का पालन किए बिना बोर्ड प्रस्ताव पारित करने से रोका जाए। तीसरी, सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट की ओर से 50 करोड़ रुपये और रतन टाटा ट्रस्ट की ओर से 15 करोड़ रुपये का हर्जाना दिलाया जाए। इसके साथ 18 प्रतिशत ब्याज की भी मांग की गई है।
इस विवाद के बीच नोएल टाटा ने पुनर्नियुक्ति प्रक्रिया में वेणु श्रीनिवासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए थे। 26 अक्टूबर को टाटा संस के कंपनी सचिव सुप्रकाश मुखोपाध्याय को लिखे पत्र में उन्होंने टीवीएस मोटर कंपनी और हैनो वन वेयरहाउसिंग के बीच हुए व्यावसायिक लेनदेन से जुड़ी जानकारी निदेशकों को दिए जाने पर सवाल किया था। रिपोर्ट के अनुसार, हैनो वन वेयरहाउसिंग का संबंध चंद्रशेखरन की पत्नी ललिता और बेटे प्रणव से बताया गया है।
इस पूरे मामले का असर केवल चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति तक सीमित नहीं रह सकता। यदि अदालत टाटा ट्रस्ट्स के पक्ष में फैसला देती है, तो भविष्य में टाटा संस के महत्वपूर्ण बोर्ड निर्णयों में नामित निदेशकों के मतदान अधिकारों की भूमिका भी नए सिरे से तय हो सकती है। फिलहाल प्रस्तावित कानूनी चुनौती और आर्टिकल 121 की व्याख्या पर अदालत का रुख महत्वपूर्ण होगा। चंद्रशेखरन का अगला पांच वर्षीय कार्यकाल 21 फरवरी 2027 से शुरू होना निर्धारित है।