Home » Blog » अवैध खनिज परिवहन पर प्रशासन की कार्रवाई, दो हाईवा और चार ट्रैक्टर जब्त

अवैध खनिज परिवहन पर प्रशासन की कार्रवाई, दो हाईवा और चार ट्रैक्टर जब्त

by desk

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 28 नवंबर 2026। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर दो हाईवा और चार ट्रैक्टर सहित कुल छह वाहन जब्त किए हैं। जब्त वाहनों में गिट्टी से भरे ओवरलोड हाईवा और रेत एवं गिट्टी का अवैध परिवहन करने वाले ट्रैक्टर शामिल हैं।

खनिज विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि जिले में गिट्टी से भरे हाईवा वाहनों का ओवरलोड परिवहन किया जा रहा है। शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए विभागीय टीम ने कार्रवाई की और गिट्टी से भरे दो हाईवा वाहनों को जब्त कर लिया।

इसके अलावा ग्राम सीलपहरी में रेत का अवैध परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टर पकड़े गए। पीपरडोल में रेत का अवैध परिवहन करते एक ट्रैक्टर और सारबहरा में गिट्टी का अवैध परिवहन करते एक अन्य ट्रैक्टर को जब्त किया गया। इस तरह विभाग ने कुल छह वाहनों पर कार्रवाई की।

जब्त वाहनों को पुलिस लाइन अमरपुर के साथ मरवाही और गौरेला के संबंधित पुलिस थानों में सुरक्षार्थ रखा गया है। सभी वाहन मालिकों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निर्धारित अर्थदंड और समझौता राशि खनिज मद में जमा होने के बाद ही वाहनों को नियमानुसार मुक्त किया जाएगा।

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की गुणवत्तापूर्ण जांच कर उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर लगातार निगरानी रखने तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रखने को कहा है।

इस कार्रवाई में खनि अधिकारी आदित्य मानकर, खनि निरीक्षक सुजीत कंवर, खनि सिपाही शिवकुमार लहरे और नगर सैनिक छवि ओट्टी शामिल रहे। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

You may also like