रायपुर। छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा, PM-RAHAT योजना और ई-चालान से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर 11 सितंबर 2026 को मंत्रालय में बैठक आयोजित की गई। परिवहन विभाग के सचिव-सह-परिवहन आयुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के साथ-साथ ई-चालान के नाम पर हो रही संभावित ऑनलाइन ठगी को लेकर भी चर्चा की गई।
PM-RAHAT योजना का ज्यादा से ज्यादा प्रचार करने के निर्देश
बैठक में प्रधानमंत्री द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और दुर्घटना से होने वाली मौतों को रोकने के उद्देश्य से शुरू की गई PM-RAHAT योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
परिवहन सचिव ने योजना के उद्देश्य और आम नागरिकों के लिए इसके महत्व को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को कहा गया कि अधिक से अधिक लोगों तक योजना की जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि दुर्घटना होने की स्थिति में जरूरतमंदों को समय पर इसका लाभ मिल सके।
बैठक में PM-RAHAT से जुड़े मामलों में अनुमोदन की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी करने और किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं करने के निर्देश भी दिए गए। इसके लिए सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया।
ई-चालान भरने से पहले सावधान, निजी लिंक बन सकते हैं ठगी का जरिया
बैठक में ई-चालान के नाम पर ऑनलाइन ठगी के बढ़ते खतरे को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। पुलिस विभाग की ओर से बताया गया कि नागरिकों को कुछ निजी वेबसाइटों और प्लेटफॉर्म के माध्यम से चालान भुगतान से संबंधित संदेश प्राप्त हो रहे हैं।
इनमें Vehicleinfo App, Carinfo, Nxcar.in, Parkplus.in, Vahanx.in, Drivex.in, Maymotor.in, Cars24.com और Challanpay.in जैसे निजी प्लेटफॉर्म या वेबसाइटों के नाम सामने आए हैं।
परिवहन विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि किसी भी संदिग्ध मैसेज या अनजान लिंक पर क्लिक करके चालान का भुगतान न करें। निजी वेबसाइट के माध्यम से भुगतान करने पर व्यक्ति ऑनलाइन धोखाधड़ी या साइबर ठगी का शिकार हो सकता है।
सिर्फ अधिकृत सरकारी माध्यम से करें ई-चालान का भुगतान
परिवहन सचिव ने इस पूरे मामले में भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय यानी MoRTH को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई और मार्गदर्शन प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आम नागरिकों को जागरूक किया जाए कि ई-चालान का भुगतान केवल छत्तीसगढ़ शासन के अधिकृत माध्यम या अधिकृत सरकारी वेबसाइट के जरिए ही किया जाए।
विभाग ने अपील की है कि चालान से संबंधित किसी भी संदेश की सत्यता की जांच किए बिना भुगतान न करें। खासकर SMS, WhatsApp या अन्य माध्यमों से आए अनजान लिंक पर अपनी बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी दर्ज करने से बचें।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में पुलिस विभाग से एम. आर. अहिरे, डीआईजी, अर्चना झा, डीसीपी रायपुर, यक्षत कुमार, अध्यक्ष लीड एजेंसी, रामाराव, वरिष्ठ निदेशक NIC, अमित देवांगन, NIC तथा स्वास्थ्य विभाग से डॉ. गवई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।