Home » Blog » BRICS Summit 2026: नई दिल्ली में होगा 18वां शिखर सम्मेलन, ‘मानवता सर्वोपरि’ की सोच के साथ भारत ने तय की थीम…

BRICS Summit 2026: नई दिल्ली में होगा 18वां शिखर सम्मेलन, ‘मानवता सर्वोपरि’ की सोच के साथ भारत ने तय की थीम…

भारत इस साल BRICS की अध्यक्षता कर रहा है और अब 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की तैयारियां तेज हो गई हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत 12 और 13 सितंबर...

by desk

नई दिल्ली। भारत इस साल BRICS की अध्यक्षता कर रहा है और अब 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की तैयारियां तेज हो गई हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत 12 और 13 सितंबर 2026 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में BRICS Summit की मेजबानी करेगा। सम्मेलन में BRICS सदस्य देशों और साझेदार देशों के शीर्ष नेता शामिल होंगे।

क्या है BRICS Summit 2026 की थीम?

भारत ने अपनी BRICS अध्यक्षता के लिए थीम रखी है—“Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability”, यानी लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, यह थीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मानवता सर्वोपरि’ दृष्टिकोण को दर्शाती है। इसके तहत जन-केंद्रित विकास और वैश्विक सहयोग को प्राथमिकता देने पर जोर दिया जाएगा।

वैश्विक मुद्दों पर होगी अहम चर्चा

BRICS Summit के दौरान सदस्य देशों के नेता आपसी सहयोग को मजबूत करने के साथ-साथ वैश्विक और क्षेत्रीय महत्व के मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। वैश्विक राजनीतिक और आर्थिक व्यवस्था से जुड़े विषय भी चर्चा के केंद्र में रहने की उम्मीद है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, सम्मेलन का उद्देश्य साझा प्राथमिकताओं पर BRICS देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करना तथा आपसी हितों से जुड़े मुद्दों पर विचार साझा करना है।

25 से ज्यादा शहरों में 350 से अधिक बैठकें

भारत की BRICS अध्यक्षता के दौरान देश के 25 से अधिक शहरों में 350 से ज्यादा बैठकें और उच्चस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इन कार्यक्रमों के जरिए BRICS सहयोग को व्यावहारिक और विकासोन्मुखी परिणामों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया है।

इन गतिविधियों को BRICS की रणनीतिक साझेदारी के तीन प्रमुख स्तंभों के तहत आगे बढ़ाया गया है—

– राजनीतिक एवं सुरक्षा सहयोग

– आर्थिक एवं वित्तीय सहयोग

– सांस्कृतिक एवं जन-से-जन आदान-प्रदान

भारत के लिए क्यों खास है 2026 का BRICS Summit?

भारत ने 1 जनवरी 2026 को चौथी बार BRICS की अध्यक्षता संभाली है। इससे पहले भारत 2012, 2016 और 2021 में BRICS की अध्यक्षता कर चुका है।

वर्ष 2026 भारत और BRICS दोनों के लिए खास है, क्योंकि इसी साल BRICS की स्थापना के 20 वर्ष पूरे हो रहे हैं। ऐसे में नई दिल्ली में होने वाला शिखर सम्मेलन संगठन के भविष्य और वैश्विक भूमिका के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

BRICS देशों के नेताओं की रहेगी नजर

BRICS Summit में सदस्य देशों के शीर्ष नेताओं की भागीदारी प्रस्तावित है। सम्मेलन ऐसे समय हो रहा है जब वैश्विक स्तर पर राजनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे चर्चा में हैं। ऐसे में नई दिल्ली में होने वाली बैठकों पर दुनिया की नजर रहेगी।

You may also like