रायपुर। मोदहा पारा स्थित दुर्गा महाविद्यालय में हैकाथॉन एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रायपुर कमिश्नरेट की डीसीपी ट्रैफिक एंड प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सिविक सेंस और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में एसीपी ट्रैफिक सीमा अहिरवार, महाविद्यालय की प्राचार्य, प्राध्यापकगण और सहायक स्टाफ मौजूद रहे। इस दौरान करीब 250 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

यातायात नियमों को लेकर विद्यार्थियों को किया जागरूक
डॉ. अर्चना झा ने विद्यार्थियों को बताया कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है। उन्होंने लाल बत्ती पर रुकने, हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने, गलत दिशा में वाहन नहीं चलाने, जेब्रा क्रॉसिंग पर पैदल यात्रियों को प्राथमिकता देने और एम्बुलेंस को रास्ता देने जैसे नियमों के महत्व को समझाया।
उन्होंने कहा कि सड़क पर जिम्मेदार व्यवहार करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
हैकाथॉन में तकनीक और नवाचार पर जोर
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को हैकाथॉन के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि युवा तकनीक, नवाचार और रचनात्मक सोच का इस्तेमाल करके यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं के समाधान विकसित कर सकते हैं।
विद्यार्थियों को यातायात से जुड़ी चुनौतियों को समझने और तकनीकी समाधान तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें जिम्मेदार, संवेदनशील और तकनीक-सक्षम नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।