Home » Blog » रायपुर के शासकीय डेंटल कॉलेज में नशामुक्ति अभियान, विद्यार्थियों और स्टाफ ने ली शपथ

रायपुर के शासकीय डेंटल कॉलेज में नशामुक्ति अभियान, विद्यार्थियों और स्टाफ ने ली शपथ

‘10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’ के तहत हुआ कार्यक्रम, युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया संदेश

by desk

रायपुर। शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर में गुरुवार को नशामुक्ति को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ और ‘मिशन स्पंदन’ के संयुक्त तत्वावधान में ‘10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’ के तहत आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ चिकित्सक और कर्मचारी भी शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने नशे से हमेशा दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाने की शपथ ली।

ब्रह्माकुमारी संस्था ने किया आयोजन

‘10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’ का संचालन प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के मेडिकल विंग की ओर से किया जा रहा है। कार्यक्रम में संस्था के प्रतिनिधियों ने नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया।

महाविद्यालय प्रशासन को अभियान में सक्रिय सहयोग और सहभागिता के लिए संस्था की ओर से प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया गया।

पोस्टर-पम्फलेट से दिया जागरूकता संदेश

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और अतिथियों ने नशामुक्ति अभियान से संबंधित पोस्टर और पम्फलेट प्रदर्शित किए। इनके माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों और नशामुक्त जीवन के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।

युवाओं को संबोधित करते हुए संस्था के प्रतिनिधियों ने कहा कि स्वस्थ और मजबूत समाज के लिए युवाओं का नशे से दूर रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से बचने के साथ अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।

कार्यक्रम में नशामुक्ति को स्वस्थ समाज और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

You may also like