Home » Blog » 4 लाख रुपये हारे तो बन गया कातिल! असम में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या

4 लाख रुपये हारे तो बन गया कातिल! असम में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या

ऑनलाइन गेमिंग की लत ने ली तीन जानें? केयरटेकर साथी समेत ट्रेन से गिरफ्तार

by desk

गुवाहाटी। ऑनलाइन गेमिंग में चार लाख रुपये गंवाने के बाद एक युवक पर खौफनाक वारदात को अंजाम देने का आरोप लगा है। असम के डिब्रूगढ़ जिले में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या के मामले में पुलिस ने घर के केयरटेकर को उसके साथी के साथ गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में आर्थिक नुकसान और आपसी घटनाक्रम को हत्या की वजह से जोड़कर देखा जा रहा है।

मामला डुलियाजान के कमलाबाड़ी इलाके का है। यहां चंद्रकांत भुइयां, उनकी पत्नी एलिजा भुइयां और बेटी निहारिका भुइयां घर में मृत पाए गए थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

चार लाख रुपये गंवाने के बाद रची वारदात की साजिश?
पुलिस के अनुसार, 30 वर्षीय राजू दास उसी घर में केयरटेकर के रूप में काम करता था और किराएदार भी था। उसने अपने पिता से चार लाख रुपये उधार लिए थे, लेकिन कथित तौर पर पूरी रकम ऑनलाइन गेमिंग में गंवा दी। इसके बाद वह गुस्से में था।

हत्या को लूटपाट दिखाने की कोशिश
आरोप है कि तीनों की हत्या करने के बाद राजू ने घटनास्थल को लूटपाट जैसा दिखाने की कोशिश की, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। हालांकि जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले और आरोपी तक पहुंच बनाई गई।

ट्रेन से पकड़े गए दोनों आरोपी
पुलिस ने मंगलवार को राजू दास और उसके एक साथी को शिवसागर से गुजर रही ट्रेन से गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। हत्या में दूसरे आरोपी की भूमिका और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा विस्तृत जांच के बाद होने की उम्मीद है।

You may also like