Home » Blog » मस्जिद में छिपा था लश्कर का टॉप आतंकी, सरेंडर से किया इनकार तो सुरक्षाबलों ने किया ढेर

मस्जिद में छिपा था लश्कर का टॉप आतंकी, सरेंडर से किया इनकार तो सुरक्षाबलों ने किया ढेर

by desk

कुलगाम मुठभेड़ में लश्कर कमांडर लतीफ भट ढेर, CRPF हमले में था शामिल

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों को आतंकवाद के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। बुधवार को देवसर इलाके में हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी लतीफ भट मारा गया। बताया जा रहा है कि वह एक मस्जिद के अंदर छिपा हुआ था। सुरक्षाबलों ने उसे आत्मसमर्पण करने का मौका दिया, लेकिन उसने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह ढेर हो गया।

11 नवंबर को CRPF जवानों पर किया था हमला
अधिकारियों के अनुसार, लतीफ भट अपने साथी उमर निसार डार के साथ 11 नवंबर को कुलगाम में सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले में शामिल था। इस हमले में अर्धसैनिक बल के तीन जवान घायल हुए थे। हमले के बाद से ही सुरक्षाबल दोनों आतंकियों की तलाश में जुटे थे।

जंगलपोरा गांव में चलाया गया तलाशी अभियान
खुफिया जानकारी मिलने के बाद दक्षिण कश्मीर के देवसर इलाके के जंगलपोरा गांव में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान सुरक्षाबलों का सामना लतीफ भट से हुआ। रिपोर्टों के मुताबिक, आतंकी मस्जिद के भीतर छिपा था। आत्मसमर्पण की अपील के बावजूद उसने जवानों पर फायरिंग की, जिसके बाद मुठभेड़ में उसे मार गिराया गया।

दो दिन में दोनों आतंकी मारे गए
इससे पहले सोमवार को कुलगाम के लारू बाईपास इलाके में हुई मुठभेड़ में लतीफ का साथी उमर निसार डार मारा गया था। उस दौरान लतीफ भट मौके से भागने में सफल रहा था। बुधवार की कार्रवाई के साथ ही दोनों आतंकियों की तलाश का अभियान समाप्त हुआ।

CRPF प्रमुख ने जवानों को दी बधाई
लतीफ भट के मारे जाने के बाद सीआरपीएफ प्रमुख जीपी सिंह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर सुरक्षाबलों को बधाई दी। वहीं जम्मू-कश्मीर पुलिस ने भी प्रतिक्रिया देते हुए संदेश दिया कि अपराधी भाग सकते हैं, लेकिन छिप नहीं सकते।

You may also like