मनोरंजन डेस्क। बॉलीवुड में कई यादगार किरदार निभाने वाले अभिनेता शरद कपूर इन दिनों मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। साल 2000 में रिलीज हुई फिल्म ‘जोश’ में शाहरुख खान और ऐश्वर्या राय के साथ नजर आ चुके अभिनेता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उनकी मौजूदा स्थिति देखकर प्रशंसक भावुक हो गए हैं।
वीडियो में शरद कपूर अपने चार पालतू कुत्तों से कुछ समय के लिए अलग होने का दर्द बयां करते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि घर में चल रही परेशानियों के कारण फिलहाल उन्हें अपने पालतू जानवरों को दूसरी जगह रखना पड़ रहा है। हालांकि, उन्होंने भरोसा जताया कि नया बंगला मिलने के बाद वह अपने सभी कुत्तों को वापस अपने पास ले आएंगे।
चार पालतू कुत्तों से दूर होने का सता रहा दर्द
अभिनेता की दोस्त और बेजुबान पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट की संस्थापक हेमा चौधरी के मुताबिक, शरद कपूर स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से गुजर रहे हैं। उन्हें ठीक होने के लिए कुछ समय चाहिए। इसी वजह से उनके चारों पालतू कुत्तों को फिलहाल ऐसी जगह भेजा गया है, जहां उनकी अच्छी देखभाल हो सके।
शरद ने भावुक होकर कहा कि वह अपने पालतू कुत्तों के बिना नहीं रह सकते। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह दूरी केवल कुछ समय के लिए है और परिस्थितियां बेहतर होते ही वह उन्हें वापस ले आएंगे।
फुटबॉल खेलते समय लगी थी चोट
अभिनेता ने अभिनेत्री जया भट्टाचार्य से बातचीत में बताया कि बार्सिलोना में फुटबॉल खेलने के दौरान उन्हें गंभीर चोट लगी थी। उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि उस समय वह खुद को लियोनेल मेसी समझ रहे थे, लेकिन खेल के दौरान दूसरे खिलाड़ी का पैर लगने से उन्हें चोट आ गई। इसके बाद उन्हें अभिनय से दूरी बनानी पड़ी।
बॉलीवुड से की काम देने की अपील
शरद कपूर अब अभिनय की दुनिया में वापसी करना चाहते हैं। उन्होंने फिल्म उद्योग के लोगों से काम देने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें अच्छे काम और सहयोग की जरूरत है। उनके मुताबिक, आर्थिक मदद से ज्यादा उनके लिए काम और लोगों का नैतिक समर्थन मायने रखता है।
अभिनेता को उम्मीद है कि चोट से पूरी तरह उबरने के बाद वह जनवरी तक काम पर लौट सकेंगे। वह फिल्मों के साथ टेलीविजन और ओटीटी मंच पर भी अपनी नई पारी शुरू करना चाहते हैं।
प्रशंसकों ने जताई वापसी की उम्मीद
शरद कपूर का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर प्रशंसक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। कई लोगों ने शाहरुख खान, सलमान खान और करण जौहर जैसे फिल्मी सितारों से भी अभिनेता की मदद करने और उन्हें काम देने की अपील की है। प्रशंसकों को उम्मीद है कि शरद कपूर जल्द ही पर्दे पर दमदार वापसी करेंगे।