रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में खेल का जुनून अब गांव-गांव तक पहुंच रहा है। इसकी शानदार तस्वीर सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड में आयोजित बस्तर ओलंपिक 2026-27 में देखने को मिली। यहां महिलाएं अपने छोटे बच्चों को गोद में लेकर खेल मैदान पहुंचीं और कबड्डी तथा रस्साकसी जैसी प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। महिलाओं के इस जज्बे ने खेल आयोजन को खास बना दिया।
पूर्व नक्सल प्रभावित गांवों से उमड़ी भागीदारी
बस्तर ओलंपिक में इस बार पूर्व नक्सल प्रभावित और दूरस्थ गांवों के ग्रामीण भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। युवाओं के साथ महिलाएं और बुजुर्ग भी खेल मैदान में अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। कभी पहुंच से दूर रहे ग्राम पंचायत डब्बा से कबड्डी खेलने पहुंचीं दीपिका मुचाकी ने बताया कि ऐसे आयोजन ग्रामीणों को सामुदायिक गतिविधियों से जोड़ते हैं और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं।
आठ से अधिक खेलों में दिख रहा उत्साह
‘हमारा खेल, हमारा बस्तर, हमारी पहचान’ के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित इस प्रतियोगिता में जूनियर और सीनियर वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, तीरंदाजी और कराटे सहित विभिन्न खेलों की स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाना है।
कब और कहां होंगे मुकाबले?
सुकमा जिले में 16 से 19 नवंबर तक क्लस्टर स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसके बाद 20 से 23 नवंबर तक विकासखंड स्तरीय मुकाबले होंगे। वहीं 26 और 27 नवंबर को सुकमा के हड़मा स्टेडियम और पुलिस लाइन मैदान में जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
बस्तर ओलंपिक के जरिए उन गांवों में भी खेल और सामुदायिक गतिविधियों की नई ऊर्जा दिखाई दे रही है, जहां कभी नक्सलवाद के कारण ऐसी गतिविधियां प्रभावित होती थीं। महिलाओं का बच्चों को गोद में लेकर मैदान में उतरना इस बदलाव और उनके मजबूत हौसले की खास तस्वीर बनकर सामने आया है।