बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बालिकाओं की जिज्ञासाओं का किया गया समाधान

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 28 नवंबर 2026। जिले में बालिकाओं को उनके अधिकारों, शिक्षा और लैंगिक समानता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। मरवाही विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परासी में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं के सवालों के जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।

कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देशन और जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास धीरेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में मिशन शक्ति हब द्वारा 60 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत विद्यालय में यह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ।

विद्यालय में पहले से स्थापित जिज्ञासा बॉक्स में बालिकाओं ने विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे थे। कार्यक्रम के दौरान इन सवालों के समुचित उत्तर देकर छात्राओं की शंकाओं को दूर किया गया। इसके साथ ही बाल दिवस, वीरांगना दिवस, बाल अधिकार दिवस और संविधान दिवस के अवसर पर खेल एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।

विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बालिका शिक्षा, लैंगिक समानता और भारतीय संविधान की जानकारी दी गई। साथ ही वीरांगनाओं के साहस और त्याग से परिचित कराया गया। बाल विवाह, बाल श्रम और बाल शोषण जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति भी जागरूक किया गया। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन जिला मिशन समन्वयक आकांक्षा तिवारी और जेंडर विशेषज्ञ दीपक बड़ा ने किया। इस अवसर पर सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रभारी चंचल किरण शर्मा, काउंसलर सरिता आर्मो, केस वर्कर रौशनी, विद्यालय के शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related posts

अवैध खनिज परिवहन पर प्रशासन की कार्रवाई, दो हाईवा और चार ट्रैक्टर जब्त

टाटा ट्रस्ट्स ने चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति को दी चुनौती, 65 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग

विश्वदीप्ति स्कूल परिसर में धार्मिक प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास, पुलिस जांच में जुटी