भोपाल में घोड़े की लात से बाइक सवार की मौत, शिकायतों के बाद भी नहीं हटा अस्तबल

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। पंचशील नगर में सड़क से गुजर रहे 39 वर्षीय बाइक सवार संतोष सुरडकर को एक बिदके हुए घोड़े ने पेट में जोरदार लात मार दी। गंभीर रूप से घायल संतोष ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वह अपने साले के साथ मौसेरे भाई की शादी के निमंत्रण कार्ड बांटकर घर लौट रहे थे। घटना के बाद परिजनों ने घोड़ा मालिक और जिम्मेदार विभागों पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

अस्तबल के सामने से गुजरते समय हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार संतोष सुरडकर पंचशील नगर में सरदार पटेल स्कूल के पास रहते थे और ड्राइवरी का काम करते थे। रविवार शाम करीब सात बजे वह अपने साले के साथ शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे थे। इसी दौरान रवि लोगांशी द्वारा बनाए गए अस्तबल के सामने से गुजरते समय यह हादसा हुआ। यहां पांच घोड़े पाले जाते हैं।

बताया गया कि सड़क के दोनों तरफ घोड़े बंधे हुए थे और एक घोड़े को नाल ठोकने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक घोड़ा बिदक गया और बाइक सवार संतोष के पेट में जोरदार लात मार दी। चोट लगने से वह सड़क पर गिर पड़े। उन्हें पेट में तेज दर्द और सांस लेने में परेशानी होने लगी। पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर चूनाभट्टी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोमवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पहले भी लोगों और जानवरों पर हमला कर चुके हैं घोड़े

परिजनों के मुताबिक, इस अस्तबल में पाले जा रहे घोड़े पहले भी खतरनाक घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। आरोप है कि एक युवक को घोड़ा काट चुका है, जबकि एक कुत्ते की घोड़े की लात लगने से मौत हो गई थी। इसके बावजूद अस्तबल को हटाने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।

शिकायतों के बाद भी नहीं हटे घोड़े, निगम पर लापरवाही का आरोप

मृतक के भाई विनोद ने आरोप लगाया कि घोड़ों से होने वाले खतरे को लेकर सीएम हेल्पलाइन, टीटी नगर थाने और क्षेत्रीय पार्षद से कई बार शिकायत की गई थी। घटना से दो दिन पहले नगर निगम की टीम भी मौके पर पहुंची थी, लेकिन परिजनों के अनुसार टीम केवल चालानी कार्रवाई करके लौट गई। सड़क पर बंधे घोड़ों को हटाने की कार्रवाई नहीं की गई।

पुलिस कर रही मामले की जांच

टीटी नगर पुलिस के एएसआइ दिग्विजय के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर घोड़ा मालिक रवि के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे ने सड़क पर पशुओं को बांधने और सार्वजनिक स्थानों पर अस्तबल संचालित करने से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

‘

Related posts

प्रधानमंत्री विकसित ग्राम स्वराज योजना: 7,395 करोड़ रुपये खर्च, पंचायतों को मिलेगा नया अधिकार

लेह का पेट्रोग्लिफ पार्क: पत्थरों में छिपा है हजारों साल पुराना इतिहास, जानिए क्या है खास

छत्तीसगढ़ में 38 स्पेशल एजुकेटर की भर्ती, आवेदन के लिए बचा है इतना समय… जानें पूरी प्रक्रिया