छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी की नई शुरुआत, पहली बार रावघाट पहुंचेगी ट्रेन; 20 अक्टूबर को होगा उद्घाटन…

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रेल इतिहास में 20 अक्टूबर का दिन महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज होने जा रहा है। आजादी के बाद पहली बार रावघाट तक रेल पहुंचेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में ताड़ोकी-रावघाट और अभनपुर-कुरूद ब्रॉडगेज रेल लाइन का उद्घाटन किया जाएगा। इसके साथ ही रावघाट-रायपुर और रायपुर-कुरूद नई यात्री रेल सेवाओं की शुरुआत होगी। वहीं, रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी का शिलान्यास भी किया जाएगा।

इस कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि रावघाट तक रेल पहुंचने से बस्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के दूरस्थ इलाकों में विकास, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

1,628 करोड़ रुपये की लागत से बनी 95 किमी रेल लाइन

दल्लीराजहरा से रावघाट के बीच लगभग 1,628 करोड़ रुपये की लागत से 95 किलोमीटर लंबी रेल लाइन का निर्माण पूरा किया गया है। परियोजना के तहत ताड़ोकी से रावघाट के बीच 17.5 किलोमीटर रेल लाइन का काम पूरा होने के साथ यह महत्वपूर्ण रेल संपर्क स्थापित हो रहा है।

इस रेल लाइन से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार से जुड़े अवसरों तक पहुंच आसान होगी। साथ ही, रावघाट क्षेत्र के लौह अयस्क के परिवहन और भिलाई इस्पात संयंत्र सहित इस्पात उद्योग की जरूरतों को पूरा करने में भी रेल संपर्क महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

अभनपुर-कुरूद रेल लाइन से राजधानी तक पहुंच होगी आसान

अभनपुर-धमतरी गेज परिवर्तन परियोजना के अंतर्गत अभनपुर से कुरूद के बीच 22 किलोमीटर रेल लाइन का गेज परिवर्तन कार्य पूरा हो चुका है। इसके उद्घाटन से इस क्षेत्र में रेल संपर्क का विस्तार होगा और यात्रियों को रायपुर तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी।

परियोजना के शेष कुरूद-धमतरी सेक्शन में निर्माण कार्य जारी है। नई यात्री रेल सेवाओं से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, किसानों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इससे कृषि, व्यापार, चिकित्सा, शिक्षा और पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिल सकता है।

रायपुर में बनेगी आधुनिक इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस सुविधा

रेल अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी का शिलान्यास भी किया जाएगा। प्रस्तावित आधुनिक सुविधा में भविष्य में 300 हाई हॉर्सपावर इलेक्ट्रिक रेल इंजनों के रखरखाव की क्षमता विकसित करने की योजना है।

इस सुविधा से रेल इंजनों के रखरखाव में मदद मिलेगी और माल परिवहन की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने में सहायता मिल सकती है। इससे छत्तीसगढ़ में रेल परिचालन और लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की संभावना है।

बस्तर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों तक आधुनिक रेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उनके अनुसार, नई रेल लाइनें और यात्री सेवाएं क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति देने में महत्वपूर्ण साबित होंगी।

रावघाट तक रेल पहुंचने से बस्तर क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी, व्यापार और रोजगार के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है। 20 अक्टूबर को होने वाले उद्घाटन और नई यात्री सेवाओं की शुरुआत से छत्तीसगढ़ के रेल नेटवर्क में एक महत्वपूर्ण विस्तार जुड़ने जा रहा है।

Read more:-छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची अपडेट करने की तैयारी, 12 नवंबर से शुरू होंगे दावे-आपत्तियां…

Related posts

19 अक्टूबर की ब्रेकिंग न्यूज़…

अम्बिकापुर में 23 अक्टूबर से सजेगा खेलों का महाकुंभ, 595 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम…

फ्रांस में हिंसा से बिगड़े हालात, 2400 से ज्यादा गिरफ्तार; कर्फ्यू और इमरजेंसी पर विचार