छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के चिरमिरी में महिला से मारपीट का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ने लगा है। इस मामले में नगर निगम महापौर रामनरेश राय के पीए संदीप सिंह और कुलदीप सिंह पर मारपीट के आरोप लगाए गए हैं। पीड़ित महिला ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पीड़िता मोमिता घोष का आरोप है कि दोनों ने उसे दूसरे के घर बुलाकर मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला ने इस संबंध में चिरमिरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
एक आरोपी पर एफआईआर, दूसरे पर कार्रवाई की मांग
पीड़िता का कहना है कि शिकायत के बाद पुलिस ने केवल कुलदीप सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की, जबकि महापौर के पीए संदीप सिंह के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने रात में ही आरोपियों को छोड़ दिया।
इसी कार्रवाई से असंतुष्ट होकर मंगलवार को पीड़िता कांग्रेस नेताओं के साथ चिरमिरी थाने पहुंची और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी
थाने पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने पुलिस से मामले में निष्पक्ष जांच करने और शिकायत में नामजद सभी लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।
पुलिस ने बताया जांच का विषय
वहीं, पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत के आधार पर कुलदीप सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। महापौर के पीए संदीप सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के सवाल पर जांच अधिकारी ने इसे जांच का विषय बताया है।
फिलहाल मामले में महिला द्वारा लगाए गए आरोपों और पुलिस की कार्रवाई को लेकर विवाद बना हुआ है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि अन्य लोगों के खिलाफ क्या कानूनी कार्रवाई की जाती है।