जनदर्शन में पिता की गुहार सुन CM साय ने दिखाई संवेदनशीलता, 6 साल के बच्चे के ऑपरेशन का रास्ता खुला

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनदर्शन में एक जरूरतमंद परिवार की पीड़ा सुनकर संवेदनशीलता दिखाई है। रायपुर के आमानाका क्षेत्र के कुकुरबेड़ा निवासी छह वर्षीय छयांश को अब बेहतर इलाज और पैरों के ऑपरेशन के लिए आर्थिक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बच्चे के उपचार और ऑपरेशन के लिए तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

बुजुर्ग दादी के साथ मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे पिता

जानकारी के अनुसार, छयांश के पिता अमित कोटांगले अपनी बुजुर्ग माता हिरकना बाई कोटांगले के साथ मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में पहुंचे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को बताया कि उनके छोटे बेटे छयांश के पैरों में जन्म से ही चलने-फिरने की समस्या है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उसका ऑपरेशन नहीं हो पा रहा है।

बड़े बेटे का ऑपरेशन कराया, अब छोटे के इलाज की चिंता

अमित कोटांगले ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके दोनों बच्चों को जन्म से ही पैरों में चलने-फिरने की परेशानी है। परिवार ने काफी मुश्किलों के बीच बड़े बेटे का ऑपरेशन कराया, जिसके बाद अब वह स्वस्थ है। लेकिन छोटे बेटे छयांश का ऑपरेशन आर्थिक तंगी के चलते अटका हुआ है।

परिवार की मुश्किलें उस समय और बढ़ गईं, जब अमित की पत्नी का निधन हो गया। अब दोनों बच्चों की परवरिश और घर की जिम्मेदारी वह अपनी बुजुर्ग मां और बहन के साथ मिलकर उठा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए तत्काल उपचार के निर्देश

परिवार की आर्थिक स्थिति और बच्चे की परेशानी सुनकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छयांश के पैरों के ऑपरेशन और बेहतर उपचार के लिए जरूरी सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद बच्चे के इलाज के लिए सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस पहल से परिवार को बड़ी राहत मिली है और अब उन्हें बेटे के बेहतर भविष्य की उम्मीद जगी है।

Related posts

रायपुर में बैंक में जमा करने पहुंची महिला के पास मिले 25 संदिग्ध नोट, पुलिस ने दर्ज किया मामला

धरसींवा के 12वीं टॉपर को विधायक देंगे उच्च शिक्षा का पूरा खर्च! जानिए अनुज शर्मा की घोषणा

11वीं पास युवक बना डॉक्टर! फर्जी डिग्री से दिल्ली के अस्पतालों में करता रहा इलाज, जानिए पूरा मामला