दंतेवाड़ा में बनेगी जनजातीय गौरव वाटिका, क्या है मंत्री केदार कश्यप की योजना?
रायपुर, 22 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में जनजातीय समाज के महानायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान की गाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए जनजातीय गौरव वाटिका विकसित की जाएगी। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने इसकी घोषणा जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में की।
मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर स्थित मेंडका डोबरा मैदान में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास संघर्ष, साहस और बलिदान से भरा हुआ है। इसे संरक्षित करना और आने वाली पीढ़ियों को इससे परिचित कराना जरूरी है। उन्होंने वन विभाग को जनजातीय गौरव वाटिका के निर्माण के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
मानगढ़ नरसंहार सहित जनजातीय वीरों के बलिदान को किया याद
मंत्री केदार कश्यप ने मानगढ़ पहाड़ी पर हुए आदिवासी नरसंहार का उल्लेख करते हुए संत गोविंद गुरु और भील जनजातीय आंदोलन के बलिदानियों को याद किया। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर 1913 को ब्रिटिश सेना की गोलीबारी में बड़ी संख्या में आदिवासी शहीद हुए थे। इस घटना को आदिवासी जलियांवाला बाग के नाम से भी जाना जाता है।
उन्होंने कोमाराम भीम, अल्लूरी सीताराम राजू और रानी कमलापति जैसे जनजातीय महानायकों के योगदान का भी स्मरण किया।
बच्चों को जनजातीय संग्रहालय का कराया जाएगा भ्रमण
जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए मंत्री ने कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। इनमें स्कूली बच्चों को छत्तीसगढ़ के जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण कराने की व्यवस्था और पारंपरिक मेला-मड़ई के संरक्षण के लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार करना शामिल है। उन्होंने कलेक्टर को इस दिशा में आवश्यक पहल करने को कहा।
पद्मश्री विभूतियों और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान
समारोह में पद्मश्री सम्मानित डॉ. बुधरी ताती और डॉ. रामचंद्र गोडबोले को शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों और उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मान मिला।
कार्यक्रम में विधायक चौतराम अटामी और जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने भी जनजातीय संस्कृति, लोककला और महानायकों के योगदान पर अपने विचार रखे।
इस अवसर पर जनजातीय संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। विभिन्न विभागों ने प्रदर्शनी लगाकर सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी।