सिर्फ 5 रुपये में भरपेट भोजन! धमतरी में खुला नया केन्द्र, पहले दिन उमड़ी श्रमिकों की भीड़

धमतरी। महज पांच रुपये में गर्म और पौष्टिक भोजन मिलने की सुविधा अब धमतरी के श्रमिकों को भी मिल रही है। शहर के कलेक्ट्रेट रोड स्थित सुमित बाजार परिसर में श्रम अन्न सहायता योजना के तहत नए भोजन वितरण केन्द्र की शुरुआत की गई है। खास बात यह रही कि केन्द्र खुलने के पहले ही दिन 100 से अधिक श्रमिकों ने यहां भोजन किया।

छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग द्वारा संचालित शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न सहायता योजना का उद्देश्य निर्माणी और पात्र असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को कम कीमत पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है। इसी कड़ी में 17 नवंबर 2026 को धमतरी में नए केन्द्र का शुभारंभ किया गया।

थाली में मिलेगा भरपेट पौष्टिक भोजन
इस केन्द्र में श्रमिकों को केवल पांच रुपये में चावल, दाल, मौसमी सब्जी, अचार, पापड़ और छाछ दिया जा रहा है। इससे दुकानों, निर्माण स्थलों और विभिन्न संस्थानों में काम करने वाले श्रमिकों को दोपहर के भोजन के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।

कर्मचारियों ने बताई अपनी परेशानी
सुमित बाजार के कर्मचारियों ने बताया कि पहले काम के दौरान भोजन की व्यवस्था करना मुश्किल होता था। अब कम कीमत में गर्म और स्वादिष्ट भोजन मिलने से समय और पैसे दोनों की बचत हो रही है। उन्होंने इस सुविधा के लिए शासन और श्रम विभाग का आभार जताया।

18 से 60 वर्ष के श्रमिक करा सकेंगे पंजीयन
श्रम पदाधिकारी के अनुसार योजना का लाभ पंजीकृत निर्माणी श्रमिकों और पात्र असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को मिलेगा। जिनका पंजीयन नहीं हुआ है, वे भी आवश्यक दस्तावेजों के साथ केन्द्र में अपना श्रमिक कार्ड बनवा सकते हैं। इसके लिए श्रमिक की आयु 18 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए।

पंजीयन के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक, मोबाइल नंबर, राशन कार्ड, श्रेणी के अनुसार आय एवं स्वघोषणा प्रमाण तथा लाइव फोटो की आवश्यकता होगी। निर्माण श्रमिकों और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए दस्तावेजों की शर्तें अलग-अलग निर्धारित हैं। केन्द्र में ही पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कर श्रमिक कार्ड तत्काल बनाए जाने की व्यवस्था की गई है।

शुभारंभ में ये लोग रहे मौजूद
नवीन केन्द्र के शुभारंभ अवसर पर सुमित बाजार के संचालक विजय कंकरिया, नवीन जैन, आसपास के संस्थानों के संचालक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। श्रम विभाग की ओर से श्रम पदाधिकारी, कल्याण निरीक्षक ज्ञानेन्द्र यादव और डिगेश्वर साहू सहित अन्य लोग मौजूद थे।

पांच रुपये में पौष्टिक भोजन की यह सुविधा श्रमिकों के लिए आर्थिक राहत के साथ सम्मानजनक जीवन की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है।

Related posts

मस्जिद में छिपा था लश्कर का टॉप आतंकी, सरेंडर से किया इनकार तो सुरक्षाबलों ने किया ढेर

4 लाख रुपये हारे तो बन गया कातिल! असम में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या

विकसित भारत का सपना युवा शक्ति से होगा साकार, राज्यपाल ने बताई सफलता की राह