आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने खोला मोर्चा, दिसंबर में बड़े आंदोलन की तैयारी; जानिए क्या हैं मांगें

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में अपनी लंबित मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं का विरोध तेज होता जा रहा है। नियमितीकरण, 30 हजार रुपये मासिक मानदेय और सेवा समाप्ति के बाद 10 लाख रुपये की एकमुश्त सहायता सहित कई मांगों को लेकर महिलाओं ने जगदलपुर में आंदोलन शुरू कर दिया है।

छत्तीसगढ़ जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ के नेतृत्व में कृषि उपज मंडी परिसर में तीन दिवसीय जिला स्तरीय ध्यानाकर्षण धरना आयोजित किया जा रहा है। संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया, तो दिसंबर में प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।

तीन दिनों तक अलग-अलग तरीके से होगा विरोध

संघ की संयुक्त मंच की संभागीय अध्यक्ष प्रेमवती नाग के अनुसार, आंदोलन के पहले चरण में 19 नवंबर तक अलग-अलग तरीकों से विरोध दर्ज कराया जाएगा।

  • 18 नवंबर: धरना प्रदर्शन के माध्यम से सरकार का ध्यान आकर्षित किया जा रहा है।
  • 19 नवंबर: कार्यकर्ता और सहायिकाएं थाली बजाकर विरोध जताएंगी।
  • अंतिम दिन: काली साड़ी पहनकर कृषि उपज मंडी से रैली निकाली जाएगी। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्टोरेट पहुंचेगी, जहां मुख्यमंत्री और महिला एवं बाल विकास मंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

30 हजार मानदेय और नियमितीकरण की मांग

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की प्रमुख मांग है कि उन्हें नियमित किया जाए और मासिक मानदेय बढ़ाकर 30 हजार रुपये किया जाए। इसके अलावा सेवा समाप्ति के बाद 10 लाख रुपये की एकमुश्त राशि देने की मांग भी उठाई गई है।

पदोन्नति और भर्ती में भी बदलाव चाहती हैं कार्यकर्ता

संघ ने पर्यवेक्षक के 200 से अधिक रिक्त पदों में से 50 प्रतिशत पदों पर आयु सीमा में छूट देते हुए बिना परीक्षा पदोन्नति देने की मांग की है। वहीं, सहायिकाओं को कार्यकर्ता के पद पर शत-प्रतिशत पदोन्नति देने की मांग भी रखी गई है।

मोबाइल और इंटरनेट खर्च को लेकर भी नाराजगी

कार्यकर्ताओं का कहना है कि पोषण ट्रैकर सहित विभिन्न सरकारी ऐप पर काम करने के लिए उन्हें बेहतर तकनीकी सुविधाएं मिलनी चाहिए। इसके लिए उच्च गुणवत्ता वाला 5जी मोबाइल और हर महीने 500 रुपये इंटरनेट खर्च देने की मांग की गई है। साथ ही मुनगा ऐप पर काम नहीं लेने की मांग भी उठाई गई है।

इसके अलावा महतारी वंदन योजना के कार्यों की प्रोत्साहन राशि देने और केंद्र व राज्य सरकार की ओर से मिलने वाला मानदेय हर महीने एक से पांच तारीख के बीच एक साथ बैंक खाते में जमा करने की मांग की गई है।

दिसंबर में महापड़ाव, फिर अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी

संघ की संभागीय अध्यक्ष प्रेमवती नाग ने कहा है कि यदि वर्तमान प्रदर्शन के बाद भी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को प्रदेश स्तर पर ले जाया जाएगा।

इसके तहत 11 और 12 दिसंबर को प्रांतस्तरीय प्रदर्शन और महापड़ाव आयोजित करने की तैयारी है। संघ ने चेतावनी दी है कि इसके बाद भी समाधान नहीं निकला तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होंगी।

Related posts

रायपुर में 28.55 लाख की ठगी! मकान किराये के नाम पर ऐसे बिछाया जाल, जानिए पूरा मामला

तीन बच्चे होने पर भी मिलेगी सरकारी नौकरी! एमपी सरकार ने बदला पुराना नियम

सर्दियों में बालों को रूखा, बेजान और झड़ने से बचाने के लिए अपनाएं ये 7 आसान नुस्खे…