मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा ने बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड इलाके में होने वाले अपने शो रद्द कर दिए हैं। हिंदू संगठनों के भारी विरोध को देखते हुए उन्होंने यह फैसला लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुणाल कामरा खुद रविवार को व्हाइटफील्ड पुलिस स्टेशन पहुंचे थे और पुलिस को जानकारी दी कि माहौल को देखते हुए उन्होंने तय शोज न करने का फैसला किया है।

यह कदम हिंदू राष्ट्र समन्वय समिति की उस अर्जी के बाद उठाया गया, जो उन्होंने बेंगलुरु पुलिस को सौंपी थी। अर्जी में 3 अगस्त को ‘URU व्हाइटफील्ड’ में होने वाले शो को रोकने की मांग की गई थी। समिति का कहना था कि इस कार्यक्रम से कानून व्यवस्था बिगड़ सकती है और धर्मनिरपेक्षता को नुकसान पहुंच सकता है। उनका आरोप था कि कामरा ने अपने पुराने बयानों में हिंदू देवी-देवताओं का अनादर किया है।
कुणाल कामरा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि सोमवार से गुरुवार तक होने वाले उनके शो अब कोरमंगला के एक नए वेन्यू पर शिफ्ट कर दिए गए हैं। उन्होंने दर्शकों को बताया कि व्हाइटफील्ड शो की टिकटों का पैसा BookMyShow के जरिए वापस (रिफंड) कर दिया जाएगा। साथ ही नए वेन्यू पर लिमिटेड सीट्स होने के कारण फैंस से कोरमंगला शो के लिए जल्द टिकट बुक करने की अपील की है।