लखनपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय लोक संस्कृति और परंपराओं की मनमोहक झलक बुधवार को लखनपुर के साक्षरता मिनी स्टेडियम में देखने को मिली। जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत आयोजित ब्लॉक स्तरीय जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव ‘करमा महोत्सव’ में मांदर की गूंजती थाप और पारंपरिक लोकगीतों ने पूरे परिसर को उत्सव के रंग में रंग दिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे कलाकारों ने शानदार करमा नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल भी कलाकारों के उत्साह में शामिल हुए। उन्होंने कलाकारों के साथ पारंपरिक करमा नृत्य किया और जनजातीय संस्कृति के प्रति अपनी आत्मीयता दिखाई।
जनजातीय संस्कृति छत्तीसगढ़ की अमूल्य धरोहर : राजेश अग्रवाल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि जनजातीय समाज की लोककला, संस्कृति और परंपराएं छत्तीसगढ़ की अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण करना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि करमा महोत्सव जैसे आयोजन स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं। साथ ही प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस दौरान मंत्री ने सभी प्रतिभागी कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता दलों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
12 नृत्य दलों ने बिखेरे लोक संस्कृति के रंग
करमा महोत्सव में विकासखंड के तुरना, कोरजा, लोसगा और केवरा सेक्टरों से पहुंचे कुल 12 नृत्य दलों ने हिस्सा लिया। कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय संस्कृति की जीवंत तस्वीर पेश की।
करमा नृत्य प्रतियोगिता में जय शिव शारदा करमा पार्टी, परसोदी कला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि आदिवासी करमा दल, पीपरखार द्वितीय स्थान पर रहा। वहीं शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव के अंतर्गत आयोजित लोकनृत्य प्रतियोगिता में शैला पार्टी, तराजू ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले दल अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में लखनपुर विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जनजातीय विरासत के संरक्षण का संदेश दे गया महोत्सव
करमा महोत्सव ने जनजातीय कलाकारों को अपनी पारंपरिक कला और प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ ही लोक संस्कृति, सामुदायिक एकता और परंपराओं के संरक्षण का संदेश भी दिया। मांदर की थाप और करमा गीतों की गूंज के बीच संपन्न हुआ यह आयोजन जनजातीय गौरव और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष शशिकला विक्रम सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष सावित्री दिनेश साहू, एसडीएम रामराज सिंह, जनपद पंचायत लखनपुर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी खुशबू शास्त्री सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।