NEET PG 2026 में बड़े बदलाव: एक ही पाली में होगी परीक्षा, आधार सत्यापन और AI आधारित सुरक्षा व्यवस्था

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने NEET PG 2026 परीक्षा को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण बदलावों की घोषणा की है। नए नियमों के अनुसार परीक्षा अब एक ही पाली में आयोजित की जाएगी। उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र के लिए अपने गृह राज्य सहित नजदीकी तीन राज्यों का विकल्प देने की सुविधा मिलेगी।

परीक्षा केंद्र का चयन कंप्यूटर आधारित रैंडमाइजेशन सिस्टम के माध्यम से किया जाएगा, जिससे मानव हस्तक्षेप की संभावना कम होगी। परीक्षा केंद्र की जानकारी परीक्षा से करीब तीन सप्ताह पहले जारी की जाएगी, ताकि अभ्यर्थी यात्रा और ठहरने की तैयारी समय पर कर सकें।

NEET PG 2026 में प्रवेश प्रक्रिया को भी सुरक्षित बनाया गया है। आवेदन और परीक्षा के दिन आधार आधारित प्रमाणीकरण किया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों की बायोमीट्रिक जांच होगी। यदि फिंगरप्रिंट का मिलान नहीं होता है तो आईरिस स्कैन के जरिए पहचान सत्यापित कर प्रवेश दिया जाएगा।

परीक्षा में कुल 180 प्रश्न होंगे, जो 720 अंकों के होंगे। प्रश्न हल करने के लिए 210 मिनट का समय मिलेगा। प्रत्येक सही उत्तर पर 4 अंक और गलत उत्तर पर 1 अंक की कटौती होगी।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, सिग्नल जैमर और स्वतंत्र पर्यवेक्षकों की तैनाती की जाएगी। तकनीकी समस्या आने पर बैकअप व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने अभ्यर्थियों से पेपर लीक जैसी अफवाहों से दूर रहने की अपील की है और परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बताया है।

Related posts

18 सितम्बर की ब्रेकिंग न्यूज..

छत्तीसगढ़ इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत प्रदेश की दीर्घकालिक अधोसंरचना विकास की बनेगी समग्र कार्ययोजना

रायपुर के होटल-बार पर पुलिस की सख्ती, गेस्ट की आईडी से लेकर सीसीटीवी तक… जानें नए निर्देश