रायपुर में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 8 आरोपी गिरफ्तार; 246 पाव शराब जब्त

रायपुर । अवैध शराब की बिक्री और कारोबार के खिलाफ रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पश्चिम जोन पुलिस के निर्देशन में थाना मुजगहन और डी.डी. नगर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 246 पाव अवैध शराब, यानी 44.280 बल्क लीटर शराब जब्त की है।

पुलिस के मुताबिक जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 24,600 रुपये है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 150 रुपये की रकम भी बरामद की गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत 8 अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

मुजगहन पुलिस ने 6 आरोपियों को पकड़ा

थाना मुजगहन पुलिस ने ग्राम बोरियाकला, सलोनी और सिवनी क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की सूचना पर अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी और दबिश की कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

आरोपियों के कब्जे से कुल 180 पाव देशी मदिरा मसाला शराब, जिसकी मात्रा 32.400 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत 18 हजार रुपये बताई गई है, बरामद की गई। सभी आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

मुजगहन पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में राहुल मन्हारे, रूपेश नारंगे, चंद्रहास साहू, आनंद राम, पीतांबर मेहर और हितेश वर्मा शामिल हैं।

डी.डी. नगर पुलिस की भी दो जगह कार्रवाई

थाना डी.डी. नगर पुलिस ने भी अवैध शराब बिक्री के खिलाफ दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।

महादेवघाट स्थित विसर्जन कुंड के पास पुलिस ने शराब बिक्री करते हुए निशाद जगत को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 32 पाव देशी मसाला शराब, कुल 5.760 बल्क लीटर, जिसकी कीमत करीब 3,200 रुपये है, बरामद की गई। साथ ही 150 रुपये बिक्री रकम भी जब्त की गई।

वहीं जोरापारा स्थित सुलभ शौचालय के पास पुलिस ने काजल पाण्डेय को अवैध शराब बिक्री के आरोप में गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 34 पाव देशी मसाला शराब और कैन में रखी शराब, कुल 6.120 बल्क लीटर, अनुमानित कीमत 3,400 रुपये, जब्त की गई।

8 अलग-अलग मामलों में कार्रवाई

पुलिस के अनुसार दोनों थानों की कार्रवाई में कुल 8 आरोपी गिरफ्तार, 8 अलग-अलग प्रकरण दर्ज और 246 पाव अवैध शराब जब्त की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और भंडारण करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

रायपुर पुलिस ने कहा है कि अवैध शराब और नशे के कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Read more:आकांक्षी जिला एवं विकासखंड कार्यक्रम के सूचकांकों की कलेक्टर ने की समीक्षा….

Related posts

05 सितंबर की ब्रेकिंग न्यूज

आकांक्षी जिला एवं विकासखंड कार्यक्रम के सूचकांकों की कलेक्टर ने की समीक्षा….

युवाओं को हुनर और कौशल से सशक्त बनाना जरूरी: विश्व विजय सिंह तोमर