रायपुर। छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला आयोजित की गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को श्रृंखला के तीसरे मुकाबले का आनंद लिया और दोनों टीमों की खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय आयोजन प्रदेश की बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने और बड़े सपने देखने की प्रेरणा देंगे।
बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी ऐतिहासिक महिला क्रिकेट सीरीज
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट श्रृंखला का आयोजन होना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। महिला खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, मेहनत और उपलब्धियों से देश की करोड़ों बेटियों को प्रेरित कर रही हैं। जब प्रदेश की बेटियां विश्वस्तरीय खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते हुए देखेंगी, तो उनमें भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और प्रदेश का नाम रोशन करने का आत्मविश्वास बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल क्रिकेट प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने और महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है।
महिलाओं और बालिकाओं के लिए निःशुल्क प्रवेश
इस ऐतिहासिक श्रृंखला के दौरान माताओं, बहनों और बेटियों के लिए स्टेडियम में निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला खिलाड़ियों का प्रदर्शन प्रत्यक्ष देखने का अवसर देना था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश की बेटियां खेल सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। राज्य सरकार भी उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
अंतरराष्ट्रीय मैचों से छत्तीसगढ़ को मिलेगी नई पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवा रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम प्रदेश की महत्वपूर्ण खेल अधोसंरचना है। स्टेडियम को छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को लीज पर दिए जाने से यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं के नियमित आयोजन का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
उन्होंने न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नवा रायपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के आईपीएल मैचों का उल्लेख करते हुए कहा कि महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के आयोजन से छत्तीसगढ़ की क्रिकेट जगत में पहचान और मजबूत होगी।
पर्यटन, व्यापार और रोजगार को भी मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बड़े खेल आयोजन किसी प्रदेश की खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ उसकी अर्थव्यवस्था को भी गति देते हैं। ऐसे आयोजनों में खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों के पहुंचने से होटल, पर्यटन, परिवहन, स्थानीय व्यापार और सेवा क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां बढ़ती हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नवा रायपुर को आधुनिक राजधानी के साथ देश के प्रमुख खेल एवं आयोजन केंद्रों में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। इसके लिए विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं का विस्तार और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर देने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, संसाधन और प्रतिस्पर्धा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सकारात्मक वातावरण बना है। छत्तीसगढ़ भी इसी दिशा में अपनी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि यह श्रृंखला खेल भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और दोनों देशों के बीच मैत्री का प्रतीक बनेगी।
Read more:-कोलकाता भगदड़: मृतकों के परिजनों से मिले शुभेंदु अधिकारी, 25-25 लाख रुपये के चेक सौंपे