स्कूली ऑटो में क्षमता से ज्यादा बच्चे बैठाने पर रायपुर ट्रैफिक पुलिस का सख्त एक्शन, 3 ऑटो चालकों पर चालान

फाफाडीह यातायात थाना क्षेत्र में कार्रवाई, चालकों को सीट क्षमता का पालन करने और बच्चों की सुरक्षा को लेकर दी सख्त हिदायत

रायपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए रायपुर यातायात पुलिस कमिश्नरेट की ओर से विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यातायात थाना फाफाडीह पुलिस ने क्षमता से अधिक स्कूली बच्चों को ऑटो में बैठाकर ले जाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है।

चेकिंग के दौरान 3 स्कूली ऑटो ऐसे पाए गए, जिनमें निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर ले जाया जा रहा था। यातायात पुलिस ने संबंधित ऑटो चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 179 एवं 125/177 के तहत चालानी कार्रवाई की।

ड्राइवर सीट के पास बच्चों को बैठाने पर भी हिदायत

जांच के दौरान यातायात पुलिस ने ऑटो चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्राइवर सीट के अगल-बगल किसी भी बच्चे को न बैठाया जाए। पुलिस के अनुसार, इससे वाहन चलाते समय चालक के नियंत्रण और सुरक्षा पर असर पड़ सकता है।

चालकों को निर्धारित सीट क्षमता का पालन करने और किसी भी परिस्थिति में स्कूली बच्चों की जान जोखिम में नहीं डालने की सख्त हिदायत दी गई। पुलिस ने नियमों का दोबारा उल्लंघन नहीं करने की चेतावनी भी दी।

लगातार जारी रहेगा जांच अभियान

रायपुर यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर चलने वाले स्कूली वाहनों के खिलाफ जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से अपील

यातायात पुलिस ने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से अपील की है कि बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले वाहनों की सीट क्षमता और सुरक्षा मानकों पर नजर रखें। यदि किसी स्कूली वाहन में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया जाता है या सुरक्षा नियमों का उल्लंघन होता है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।

Related posts

07 अक्टूबर की ब्रेकिंग न्यूज

ज्ञानेश नहीं, गणेश जी कर रहे BJP की मदद’: विपक्ष के मार्च से पहले संबित पात्रा का तंज, जया बच्चन और रेणुका चौधरी का पलटवार

इंडिगो ने फिर बढ़ाया फ्यूल चार्ज: 6 अक्टूबर से घरेलू टिकट पर ₹100-350 और अंतरराष्ट्रीय पर ₹2,500 तक ज्यादा लगेंगे