भाटापारा से नाराज होकर रायपुर पहुंचा 15 वर्षीय बालक, स्टेशन चौक पर रोता मिला

गणेशोत्सव के दौरान गश्त पर निकली यातायात पुलिस ने अकेले रोते बालक को देखा, समझाइश देकर परिजनों से किया संपर्क

रायपुर, 23 सितंबर 2026। रायपुर यातायात पुलिस ने संवेदनशीलता और मानवीय पहल का परिचय देते हुए घर से नाराज होकर बिना बताए रायपुर पहुंचे 15 वर्षीय नाबालिग बालक को सुरक्षित उसके परिजनों से मिलाया। बालक भाटापारा से ट्रेन के जरिए रायपुर पहुंचा था और स्टेशन चौक के गेट नंबर-1 के पास अकेले बैठकर रो रहा था।

स्टेशन चौक पर अकेला रोता मिला बालक

गणेशोत्सव के दौरान क्षेत्र भ्रमण पर निकले यातायात थाना फाफाडीह के प्रभारी अम्बरीश शर्मा हमराह स्टाफ आरक्षक क्रमांक 606 गोपाल सिदार और सैनिक क्रमांक 03 मोहसिन खान के साथ स्टेशन चौक पहुंचे।

इसी दौरान पुलिस टीम की नजर गेट नंबर-1 के पास अकेले रो रहे बालक पर पड़ी। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसके पास पहुंचकर उसे ढांढस बंधाया और सहानुभूति के साथ बातचीत शुरू की।

पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकला था

पूछताछ में बालक ने अपना नाम और पता भाटापारा, जिला बलौदाबाजार बताया। बालक ने पुलिस को बताया कि वह पिता की डांट से नाराज था और बिना किसी को बताए ट्रेन से रायपुर आ गया था।

रायपुर पहुंचने के बाद वह डर गया था और वापस घर जाने को लेकर असमंजस में था। पुलिस टीम ने उसे भरोसे में लेकर समझाया और उसका हौसला बढ़ाया।

पुलिस ने परिजनों से किया संपर्क

बालक से आवश्यक जानकारी लेने के बाद पुलिस टीम ने उसके परिजनों से फोन पर संपर्क किया और पूरी जानकारी दी। सूचना मिलने पर बालक के मामा और बहन रायपुर पहुंचे।

पुलिस ने बालक की पहचान और अन्य आवश्यक तस्दीक की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस दौरान बालक और उसके परिजनों को भी आवश्यक समझाइश दी गई, जिसके बाद वे सकुशल घर के लिए रवाना हुए।

परिजनों ने पुलिस का जताया आभार

बालक के सुरक्षित मिलने के बाद उसके परिजनों ने रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।

इस पूरे मामले में यातायात थाना फाफाडीह प्रभारी अम्बरीश शर्मा, आरक्षक गोपाल सिदार और सैनिक मोहसिन खान की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की गई। पुलिस की इस पहल ने एक नाबालिग बालक को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related posts

ACB अधिकारी बनकर घर में घुसे, गोली मारने की धमकी देकर ले गए सामान; फरार आरोपी गिरफ्तार

पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल से ट्रेवल एंड टूरिज्म एसोसिएशन की मुलाकात, विश्व पर्यटन दिवस के लिए दिया न्योता

रंगोलियों में सजी रचनात्मकता, दिव्यांग बच्चों ने हुनर से भरे आत्मविश्वास के रंग…