मिड-डे मील खाने के बाद बच्चे बीमार, प्रशासन ने की बड़ी कार्रवाई

शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में मध्यान्ह भोजन खाने के बाद सरकारी प्राथमिक स्कूल के कुछ बच्चों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। घटना ब्यौहारी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय बदरचुआ की है। बच्चों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ब्यौहारी में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चों की स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर उन्हें निगरानी में रखा गया है।

 

मामले की जानकारी मिलने पर प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारी सक्रिय हुए। कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और भोजन बनाने वाले स्व-सहायता समूह को काम से हटाने के निर्देश दिए हैं।

 

15 विद्यार्थी थे स्कूल में उपस्थित

 

एसडीएम ब्यौहारी अर्चना मिश्रा और तहसीलदार गैलेक्सी नागपुरे की रिपोर्ट के अनुसार, 14 नवंबर को विद्यालय में कुल 15 विद्यार्थी उपस्थित थे। मध्यान्ह भोजन करने के बाद एक विद्यार्थी को उल्टी हुई, जबकि कुछ अन्य बच्चों ने पेट दर्द की शिकायत की। दोपहर करीब 2:30 बजे जनशिक्षक राजाराम पटेल ने अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद विकासखंड स्तर के अधिकारी अस्पताल पहुंचे और बच्चों के उपचार की व्यवस्था कराई।

 

पुराने स्व-सहायता समूह पर सामने आई लापरवाही

 

प्रारंभिक जांच में मध्यान्ह भोजन की जिम्मेदारी को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। विद्यालय में स्वाती स्व-सहायता समूह द्वारा दाल और चावल तैयार किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, जिला पंचायत शहडोल ने 23 सितंबर को आदेश जारी कर स्वाती स्व-सहायता समूह को मध्यान्ह भोजन के कार्य से अलग कर दिया था। उसकी जगह नव जमुना स्व-सहायता समूह को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। बताया गया कि जनशिक्षक ने 28 सितंबर को आदेश की जानकारी प्रधानाध्यापक और संबंधित समूह को वाट्सएप के माध्यम से भेज दी थी। इसके बावजूद पुराने समूह ने नए समूह को प्रभार नहीं सौंपा और भोजन बनाना जारी रखा।

 

कलेक्टर ने दिए जांच और कार्रवाई के निर्देश

 

कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित स्व-सहायता समूह को मध्यान्ह भोजन के कार्य से अलग करने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को नोटिस जारी करने को कहा गया है। प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। फिलहाल बच्चों की हालत सामान्य बताई गई है और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

Related posts

कबीरधाम में 6 दिन तक लगेंगे मुफ्त स्वास्थ्य शिविर, जानिए कहां-कब होगी जांच

छत्तीसगढ़ बिजली विभाग में 1501 पदों पर निकली भर्ती, 26 नवंबर तक मौका; प्रोग्रामर के पद भी शामिल

Xiaomi का 17 नवंबर को बड़ा इवेंट: Xiaomi 18 Pro सीरीज समेत स्मार्टवॉच, Smart Band 11 और कई नए AIoT प्रोडक्ट होंगे लॉन्च…