Home » Blog » कभी करती थीं मजदूरी, अब बनीं लखपति दीदी! शनिचरी की बदली किस्मत, जानिए कैसे

कभी करती थीं मजदूरी, अब बनीं लखपति दीदी! शनिचरी की बदली किस्मत, जानिए कैसे

कभी करती थीं मजदूरी, अब बनीं लखपति दीदी! शनिचरी की बदली किस्मत, जानिए कैसे

by desk

अम्बिकापुर। कभी परिवार का खर्च चलाने के लिए दूसरों के घरों में मजदूरी करने वाली सरगुजा जिले की शनिचरी माही आज अपनी मेहनत और हुनर के दम पर आत्मनिर्भर बन गई हैं। बिहान योजना से मिले आर्थिक सहयोग ने उनकी जिंदगी में ऐसा बदलाव लाया कि अब वह घर बैठे कई तरह के व्यवसाय चला रही हैं। दोना-पत्तल निर्माण, सिलाई और बांस शिल्प जैसे कामों से आमदनी कर वह लखपति दीदी बन चुकी हैं।

एक लाख रुपये के ऋण से शुरू किया स्वरोजगार

लखनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत गुमगरा कलां की रहने वाली शनिचरी माही माही महिला स्व-सहायता समूह की सचिव हैं। बिहान योजना के तहत महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाया। समूह के माध्यम से एक लाख रुपये का ऋण लेकर दोना-पत्तल बनाने की मशीन खरीदी। इसके बाद घर पर ही दोना-पत्तल निर्माण का काम शुरू कर दिया। धीरे-धीरे इस काम से अच्छी आमदनी होने लगी और उन्होंने अपने व्यवसाय का विस्तार किया।

दोना-पत्तल से लेकर सिलाई और बांस शिल्प तक का काम

शनिचरी ने केवल एक व्यवसाय तक खुद को सीमित नहीं रखा। उन्होंने सिलाई का काम शुरू किया और पुराने कपड़ों से कथरी यानी गुदड़ी तैयार करने लगीं। इसके अलावा बांस से विभिन्न उपयोगी सामग्री बनाने का काम भी अपनाया। आज ये सभी गतिविधियां उनकी आजीविका का प्रमुख आधार बन चुकी हैं।

अब मजदूरी के लिए भटकने की जरूरत नहीं

शनिचरी बताती हैं कि स्व-सहायता समूह से जुड़ने से पहले परिवार की जरूरतें पूरी करने के लिए उन्हें इधर-उधर मजदूरी करनी पड़ती थी। रोजगार का कोई स्थायी साधन नहीं था। लेकिन अब घर पर ही काम मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति में बदलाव आया है। उनके पति भी व्यवसाय में सहयोग करते हैं। दोनों मिलकर परिवार की जिम्मेदारियां निभा रहे हैं और अपने तीनों बच्चों की पढ़ाई भी जारी रखे हुए हैं।

आर्थिक मजबूती के साथ बढ़ा आत्मविश्वास

बिहान योजना से मिली मदद ने शनिचरी को सिर्फ रोजगार ही नहीं दिया, बल्कि आत्मविश्वास और आत्मसम्मान के साथ एक नई पहचान भी दिलाई है। अब वह खुद अपने व्यवसाय का संचालन कर रही हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

अपनी सफलता के बारे में उन्होंने बताया कि पहले मजदूरी करके घर चलाना पड़ता था, लेकिन समूह से जुड़ने के बाद एक लाख रुपये का ऋण लेकर दोना-पत्तल बनाने की मशीन खरीदी। अब सिलाई और बांस का काम भी करती हैं। उनके पति भी इस काम में साथ देते हैं। आज वह अपने घर में रहकर रोजगार कर रही हैं और लखपति दीदी बन गई हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति जताया आभार

शनिचरी माही ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिहान योजना से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर मिल रहा है। योजना के माध्यम से महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर अपने परिवार का बेहतर ढंग से भरण-पोषण कर पा रही हैं।

शनिचरी की कहानी इस बात की मिसाल है कि ग्रामीण महिलाओं के हुनर को सही अवसर और आर्थिक सहयोग मिले, तो घर की चारदीवारी भी रोजगार का बड़ा केंद्र बन सकती है। बिहान योजना के जरिए वह अपनी मेहनत को आमदनी में बदलकर परिवार के भविष्य को संवार रही हैं।

You may also like